मंगन : सिक्किम सरकार के पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग के अंतर्गत चेम्चे स्थित इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको-टूरिज्म (आईएचसीएई), एडवेंचर आधारित शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल होने की दिशा में लगातार अग्रसर है। इसी के तहत, संस्थान ने युमथांग और लानकोंग घाटी में चल रहे बेसिक माउंटेनियरिंग और एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स का एक व्यापक निरीक्षण किया।
पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से बताया गया कि विभाग के संयुक्त निदेशक (एडवेंचर) और आईएचसीएई प्रिंसिपल (आईएचसीएई चेम्चे) काजी शेरपा के नेतृत्व में हुए इस निरीक्षण के दौरान, उन्होंने कोर्स के कार्यान्वयन के महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन समीक्षा की, जिसमें सुरक्षा और संरक्षा प्रोटोकॉल, भोजन और पोषण प्रबंधन, उपकरणों के मानक और प्रशिक्षण गतिविधियों का समग्र समन्वय शामिल था। उन्होंने प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के साथ बातचीत भी की और उन्हें मूल्यवान मार्गदर्शन देते हुए कार्यक्रम का सफल और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने हेतु सर्वोत्तम प्रथाओं का पालन करने पर जोर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 दिनों के चार पर्वतारोहण कोर्स में कुल 118 प्रतिभागी प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं, जिनमें एनसीसी कैडेट, पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी और निजी उम्मीदवार शामिल हैं। इन्हें 28 दिनों के लिए बेसिक माउंटेनियरिंग और एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स के चार बैचों में संगठित किया गया है। इसके अलावा, निरीक्षण दल ने जमीनी स्तर पर की गई व्यवस्थाओं का आकलन करने हेतु उत्तर सिक्किम के युमथांग और लानकोंग घाटी में स्थित प्रशिक्षण शिविरों का भी दौरा किया। इस पर, टीम ने समग्र प्रबंधन और प्रशिक्षकों तथा प्रशिक्षुओं द्वारा प्रदर्शित समर्पण पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर काजी शेरपा ने सभी प्रतिभागियों को उनके प्रशिक्षण के सफल समापन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें साहस, जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इन दूरदराज और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इन कोर्सों के आयोजन और उन्हें सुगम बनाने में दिए गए अमूल्य सहयोग और समर्थन के लिए स्थानीय हितधारकों के प्रति अपनी हार्दिक सराहना भी व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि ये कोर्स आईएचसीएई के प्रशिक्षण अधिकारी नकुल गिरी की देखरेख में संस्थान के वरिष्ठ प्रशिक्षकों और एचएमआई के विशेषज्ञों के साथ मिलकर संचालित किए जा रहे हैं।
#anugamini
No Comments: