पहाड़ की तीन सीटों को लेकर भाजपा की तैयारी, शुक्रवार तक सूची जारी होने की संभावना

दार्जिलिंग : भारतीय जनता पार्टी (BJP) दार्जिलिंग पहाड़ की तीनों सीटों को लेकर अपना रुख कल गुरुवार या अधिकतम शुक्रवार तक स्पष्ट कर सकती है। यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दार्जिलिंग लोकसभा सांसद राजू बिष्ट ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान दी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा इन तीन सीटों पर गठबंधन करेगी या अकेले चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने इस पर खुलकर कुछ भी कहने से परहेज किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 के दार्जिलिंग विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने गोरामुमो के केंद्रीय कार्यकर्ता नीरज जिम्बा को उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्हें भारी जीत मिली थी। इसके बाद 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहाड़ की तीनों सीटों पर अपने चुनाव चिन्ह पर उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से दार्जिलिंग और कार्सियांग सीट से क्रमशः नीरज जिम्बा और बीपी बजगाईं ने जीत दर्ज की, जबकि कालिम्पोंग सीट पर भागोप्रमो को सफलता मिली थी।

इस बार पहाड़ की तीनों सीटों पर मुकाबला काफी कड़ा और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। यह प्रतिस्पर्धा केवल भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहने वाली है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि कितने निर्दलीय उम्मीदवार और कितनी पार्टियों के प्रत्याशी मैदान में उतरते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि अधिक संख्या में छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो इससे वोटों का बंटवारा होगा, जिसका सीधा लाभ किसी एक मजबूत दल को मिल सकता है। वहीं, यदि विपक्षी दल एकजुट होकर गठबंधन के तहत उम्मीदवार उतारते हैं, तो मुकाबला और भी कड़ा हो जाएगा तथा जीत की संभावनाएं संतुलित हो सकती हैं। फिलहाल भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी या गठबंधन के साथ, इस पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, सोशल मीडिया पर गठबंधन की चर्चाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics