शिक्षकों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता : मंत्री राजू बस्नेत

शिक्षा विभाग व भारती एयरटेल के बीच हुआ समझौता

गंगटोक : स्कूली बच्चों के शैक्षणिक विकास की दिशा में सिक्किम के शिक्षा विभाग और भारती एयरटेल फाउंडेशन ने आज यहां ताशीलिंग सचिवालय में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर राज्य के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राजू बस्‍नेत (Raju Basnet) की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों और भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक हुई। इसमें प्रधान शिक्षा सचिव डॉ संदीप तांबे, स्कूली शिक्षा सचिव ताशी चोफेल और अतिरिक्त शिक्षा निदेशक श्रीमती अनुग्रह राई के साथ-साथ भारती एयरटेल फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम संचालन प्रमुख समीर शाह और उप महाप्रबंधक शशि प्रकाश उपस्थित थे।

इस अवसर पर, भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने उपस्थित लोगों को फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे ‘गुणवत्ता सहायता कार्यक्रम’ के बारे में जानकारी दी, जिसका उद्देश्य देश भर में बच्चों के लिए समग्र, समावेशी और सतत सीखने के माहौल को बढ़ावा देना है। इसके बाद, राज्य शिक्षा विभाग और भारती एयरटेल फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन पर स्कूली शिक्षा सचिव ताशी चोफेल और बीएएफ के समीर शाह ने हस्ताक्षर किए।

बताया गया है कि इस साझेदारी के तहत, भारती एयरटेल फाउंडेशन अपने ‘गुणवत्ता सहायता कार्यक्रम’ के माध्यम से, सह-शैक्षिक और क्षमता-निर्माण संबंधी उपायों द्वारा छात्रों के जीवन कौशल को मजबूत करने, शिक्षकों की भागीदारी बढ़ाने और स्कूली प्रक्रियाओं में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इस पहल को पाकिम जिले के अंतर्गत रेनोक और नामचेबोंग निर्वाचन क्षेत्रों के दो ब्लॉकों में स्थित सरकारी स्कूलों में प्रायोगिक आधार पर लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री बस्‍नेत ने इस बात पर जोर दिया कि स्कूली बुनियादी ढांचे में सुधार करना, शिक्षकों को सशक्त बनाना और ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति’ के कार्यान्वयन को आगे बढ़ाना सिक्किम सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का शिक्षक और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण, आनंदमय और शिक्षार्थी-केंद्रित कक्षाएं बनाने के राज्य के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने दीर्घकालिक प्रभाव सुनिश्चित करने हेतु ऐसी प्रथाओं को संस्थागत रूप देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को पुन: दोहराया।

वहीं, भारती एयरटेल फाउंडेशन के कार्यक्रम परिचालन प्रमुख समीर शाह ने प्रणाली-स्तर के उपायों के जरिए देश के शिक्षा तंत्र को मजबूत करने के प्रति फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने इस साझेदारी को छात्रों, शिक्षकों और स्कूल नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक कदम बताया।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics