गंगटोक : पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, सिक्किम (टी एंड सीएडी) ने आज दोपहर विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में एडवेंचर टूरिज्म हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न हितधारकों और विभागाध्यक्षों ने सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के तहत एडवेंचर टूरिज्म प्रशिक्षण पर चर्चा की। बैठक में सिक्किम पर्यटन विकास निगम (एसटीडीसी) के अध्यक्ष लुकेंद्र रसाइली, विभाग के अध्यक्ष नॉर्गे लाचुंग्पा तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव उपस्थित थे।
मुख्य वक्तव्य देते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव ने राज्य की एडवेंचर टूरिज्म में अग्रणी भूमिका बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विश्व बैंक समर्थित सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम के तहत बुनियादी ढांचे के उन्नयन और ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं के क्षमता निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने हितधारकों से इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इकोटूरिज्म (आईएचसीएई) की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने और अनुभवी पेशेवरों से प्रशिक्षुओं को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
बाजार मांग और कौशल अंतर विश्लेषण सत्र में एसटीडीसी अध्यक्ष लुकेंद्र रसाइली ने प्राथमिक कौशल क्षेत्रों की पहचान, उद्योग की आवश्यकताओं के आकलन और प्रशिक्षण अंतर को पाटने पर जोर दिया। उन्होंने इकोटूरिज्म और स्वास्थ्य-केन्द्रित पर्यटन की बढ़ती प्रवृत्ति का उल्लेख करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आकर्षक और टिकाऊ बनाने की आवश्यकता बताई।
संयुक्त निदेशक (एडवेंचर) एवं आईएचसीएई के प्राचार्य काजी शेरपा ने 2024–2026 के लिए प्रशिक्षण पहलों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित जनशक्ति की कमी और प्रशिक्षुओं को बनाए रखना एक चुनौती है। सिक्किम इंस्पायर्स के तहत 2024–2029 के लिए 112 गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
बैठक के दूसरे सत्र में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, विपणन एवं ब्रांडिंग तथा संस्थागत एवं नीतिगत सहयोग जैसे विषयों पर समूहों में विभाजित कर चर्चा कराई गई। प्रमुख सिफारिशों में बौद्ध सर्किट जैसे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, नियमित बैठकें आयोजित करना और जिला स्तर पर व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना शामिल रहा।
स्वागत भाषण अतिरिक्त निदेशक तेनजिंग गेले ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक पेम्पा डोमा ने प्रस्तुत किया। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधि तथा सिक्किम इंस्पायर्स के तकनीकी सहयोगी एजेंसियों के सदस्य भी उपस्थित थे।
#anugamini #sikkim
No Comments: