नई दिल्ली । केरल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति साफ करनी शुरू कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) राज्य के लिए एक विस्तृत विज़न डॉक्यूमेंट लाने जा रहा है। इस दस्तावेज में विकास, रोजगार और अवसर बढ़ाने से जुड़े ठोस प्रस्ताव शामिल होंगे। इसे चुनावी लड़ाई का मुख्य आधार बनाया जाएगा।
बातचीत के दौरान थरूर ने कहा कि यूडीएफ का संदेश साफ है समृद्ध केरल। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास शासन का अनुभव है और वह केंद्र तथा राज्य दोनों स्तर पर सरकार चला चुकी है। इसी अनुभव के आधार पर जनता के सामने विकास का रोडमैप रखा जाएगा। उन्होंने राज्य की मौजूदा वाम मोर्चा सरकार और भाजपा पर भी निशाना साधा।
थरूर ने कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ एलडीएफ पर कई भ्रष्टाचार मामलों के कारण लोगों का भरोसा कम हुआ है। वहीं भाजपा पर परोक्ष हमला करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी समाज को बांटने वाली राजनीति करती है। उनका कहना है कि यूडीएफ विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा।
हाल ही में थरूर ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात उनकी नाराजगी की खबरों के बाद हुई। बैठक के बाद थरूर ने कहा कि अब सब ठीक है और सभी नेता एक ही सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले कोच्चि के एक कार्यक्रम में उनके साथ व्यवहार और उन्हें किनारे करने की कोशिशों को लेकर चर्चा रही थी।
केरल में आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। यूडीएफ सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि एलडीएफ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। भाजपा भी राज्य में अपनी चुनावी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में विज़न डॉक्यूमेंट के जरिए कांग्रेस गठबंधन चुनावी बहस को विकास पर केंद्रित करना चाहता है।
#anugamini
No Comments: