कामकाजी परिस्थितियों में सुधार के लिए न्यायपालिका प्रतिबद्ध : मुख्य न्यायाधीश

मंगन : न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मंगन जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आज स्टाफ क्वार्टरों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिश्वनाथ सोमद्दार ने यह आधारशिला रखी। उनके साथ श्रीमती मधुमती सोमद्दार भी थीं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने सिक्किम के सभी जिलों में कामकाजी परिस्थितियों में सुधार और न्याय वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए न्यायपालिका की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने किसी भी संस्थान के ग्रुप सी और डी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को दोहराया और कहा कि यह पहल उनकी अनिवार्यता की मान्यता और स्वीकृति के रूप में है।

न्यायमूर्ति बिश्वनाथ सोमद्दार ने आगे बताया कि उन्होंने राज्य में किसी भी जिला या महकमा स्तरीय न्यायिक बुनियादी ढांचे की कल्पना करते समय डिजाइन और लेआउट में स्टाफ क्वार्टरों को अनिवार्य रूप से शामिल करने की नीति निर्धारित की है। उन्होंने कहा, जब हम अपने न्यायिक बुनियादी ढांचे के विस्तार की बात करते हैं तो हम ग्रुप सी और डी कर्मचारियों को अलग-थलग नहीं कर सकते। उन्होंने आगे कहा कि मंगन ने आगे का रास्ता दिखाया है और अब से सिक्किम में भी इसी तरह का मॉडल अपनाया जाएगा।

इससे पहले, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुवर्णा राई ने अपने स्वागत भाषण में जिला एवं सत्र न्यायालय में तैनात ग्रुप सी और डी कर्मचारियों की आवास आवश्यकताओं को पूरा करने में इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगे बताया कि मंगन सिक्किम का पहला जिला बन गया है जिसने जिला न्यायालय के कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टरों का निर्माण शुरू किया है। उन्होंने एक साल पहले उनके समक्ष रखे गए प्रस्ताव का समर्थन और अनुमोदन करने के लिए मुख्य न्यायाधीश के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी सम्मानित अतिथियों और आमंत्रितों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने आज के कार्यक्रम की सफलता के लिए अथक प्रयास करने हेतु भवन एवं आवास विभाग और राज्य सरकार के अन्य सभी संबंधित विभागों के इंजीनियरों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में राज्य के भवन व आवास विभाग के प्रधान मुख्य अभियंता वाईएन गौतम ने इस परियोजना पर एक तकनीकी प्रस्तुति दी, जिसमें स्टाफ क्वार्टरों के डिजाइन, योजना और प्रस्तावित लाभों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

कुल 25705 वर्ग फुट क्षेत्रफल की इस परियोजना में ग्रेड सी और डी कर्मचारियों के लिए दो आवासीय ब्लॉक शामिल हैं। आधुनिक डिजाइन वाली इन जी+4 बिल्डिंगों में कुल 20 आवासीय इकाइयां और 11 सतही पार्किंग स्थल होंगे। कार्यक्रम में सिक्किम उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, केंद्रीय परियोजना समन्वयक, रजिस्ट्रार (न्यायिक सेवा), राज्य भवन व आवास सचिव, मुख्य अभियंता, मुख्य वास्तुकार, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला अधिकारी, मंगन बार एसोसिएशन के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics