भागलपुर । भागलपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने अपने परिवार के साथ आदमपुर के दुर्गाचरण स्कूल में मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। अश्विनी चौबे ने कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बड़ी मजबूती के साथ बनेगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि 14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे।
इस दौरान, उन्होंने दिल्ली में हुए हमले की घटना पर भी दुख व्यक्त किया। अश्विनी चौबे ने इसे ‘बेहद दर्दनाक’ बताया और कहा कि जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पाकिस्तान की साजिश का हिस्सा हो सकती है। चौबे ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है कि वह सुधर जाए, अन्यथा हिंदुस्तान उसे बख्शेगा नहीं।
पूर्व मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस घटना को लेकर गंभीर हैं। गृह मंत्री अमित शाह घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अश्विनी चौबे ने जनता से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
#anugamini
No Comments: