गंगटोक : सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) पार्टी अध्यक्ष तथा राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने एसकेएम शासन के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के अवसर पर राज्य वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री गोले ने इस उपलब्धि को आम लोगों के अटूट विश्वास एवं समर्थन के साथ-साथ दूरदर्शी तथा सामूहिक नेतृत्व का एक उल्लेखनीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, आज मुझे बहुत खुशी और गर्व हो रहा है। यह वह माइल स्टोन है जो हमारे राज्य को प्रगति, समावेशिता और समृद्धि की ओर ले जा रहा है। आज हम न केवल अपनी सरकार के गठन का बल्कि लोकतंत्र की विजय और विकास की सामूहिक आकांक्षा का भी जश्न मना रहे हैं। यह दिन न्याय, समानता तथा समावेशी शासन के प्रति हमारी स्थायी प्रतिबद्धता का प्रतीक ही नहीं, बल्कि एसकेएम सरकार की प्रेरक यात्रा पर चिंतन करने और रास्ते में मिले सबक से ताकत हासिल करने का समय है।
शासन की वर्षगांठ के साथ राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा, इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ सिक्किम ने राज्य के रूप में 50 शानदार वर्ष भी पूरे किए हैं। इन पांच दशकों में सिक्किम के लोग एकता, सतत विकास और सांस्कृतिक गौरव के प्रति अपने समर्पण में अडिग रहे हैं। इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर, आइए हम अपने पूर्वजों की विरासत का सम्मान करें और उन मूल्यों को बनाए रखें जो हमें गर्वित सिक्किमी के रूप में पहचान दिलाते हैं।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री गोले ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व एवं सहयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में केंद्र सरकार को जरूरत के समय उनके दृढ़ समर्थन, संरक्षण और सतत मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा, हमारी सरकार प्रत्येक नागरिक के कल्याण और राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की उन्नति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य वासियों से एकजुट होकर, सुनौलो, समृद्ध और समर्थ सिक्किम के निर्माण के लिए आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।
#anugamini #sikkim
No Comments: