लखनऊ (ईएमएस)। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी कह दिया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नहीं है। यही बात हम लोग पहले से कह रहे है। अधिकारी बेलगाम हैं। मनमाने तरीके से मुकदमे लगा रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है।
अखिलेश ने मंगलवार को जौनपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि जौनपुर में हत्या की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुजारी के साथ हुई घटना में पुलिस वाले ही जेल में हैं। भाजपा सरकार अपनी नाकामी को छिपाने के लिए वक्फ बिल लेकर आई है। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह से एंबुलेंस सेवा 108, 102 और डायल 100 पुलिस सेवा सब बर्बाद कर दी गई है। भाजपा सरकार में पुलिस ही माफिया का काम कर रही है। बरेली की घटना में पुलिस ने अपहरण किया। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के बयान पर कहा कि जब उन्होंने शब्द वापस ले लिए और राज्यसभा की कार्यवाही से भी शब्द हटा दिए गए तो अब किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि शेयर बाजार में एक दिन में ही इतनी बड़ी गिरावट भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए महामंदी का इशारा है। भाजपा सरकार ने महंगाई और भ्रष्टाचार ही नहीं, अब तो शेयर मार्केट के पतन से भी देशवासियों की जेबें खाली कर दी हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने सांविधानिक पदों पर रहते हुए शेयर में पैसा लगाने के लिए आम जनता को बहकाया-फुसलाया था। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
#anugamini
No Comments: