ईश्वर के संदेश पर गहराई से करें चिंतन : Prem Singh Tamang

गंगटोक : मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) आज पत्नी श्रीमती कृष्णा राई के साथ रंगपो ग्राउंड में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय प्री-क्रिसमस समारोह 2024 में शामिल हुए। ‘सिक्किम रिज्वॉइस’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री, विधानसभा सदस्य, अध्यक्ष, सलाहकार, जिलाध्यक्ष, उपाध्याक्ष, मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव, जिला पंचायत, पंचायत, सरकारी अधिकारी एवं विभिन्न चर्चों के लोग शामिल हुए।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री गोले ने अपने संबोधन में सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पिछले वर्ष आई बाढ़ में मारे गये और अपनों को खोने वालों के लिए “शांति की प्रार्थना” को समर्पित समारोह के बारे में बोलते हुए उस चुनौतीपूर्ण अवधि में समुदाय की एकजुटता और समर्थन की सराहना की। उन्होंने इस वर्ष की थीम “सिक्किम रिज्वॉइस” की भी सराहना की, जो एकता, विश्वास और खुशी का उत्सव है।

इस दौरान, मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिकता और अच्छाई के उदाहरण के महत्व पर जोर देते हुए उपस्थित लोगों को ईश्वर के संदेश पर गहराई से चिंतन करने और व्यक्तिगत और सामुदायिक वृद्धि दोनों के लिए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने सिक्किम के विभिन्न समुदायों के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व की पुष्टि करते हुए सभी धर्मों और मान्यताओं को दिए गए सम्मान और स्वतंत्रता पर प्रकाश डाला।

इससे पहले, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग ने राज्य में विभिन्न संस्कृतियों के बीच समावेशिता और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गोले के नेतृत्व में सरकार समानता की एक किरण के रूप में उभरी है, जो सभी संस्कृतियों और धर्मों की समृद्धता को महत्व देती है। वही, कार्यक्रम में अतिथि वक्ता के रुप में उपस्थित आचार्य विकास मैसी ने आस्था और उम्मीद की परिवर्तनकारी शक्ति को रेखांकित करते हुए एक गहन आध्यात्मिक संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) और श्रीमती कृष्णा राई को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, अतिथि वक्ता आचार्य विकास मैसी के साथ-साथ पादरी जोसेफ तमांग और रेवरेंड दिलीप छेत्री भी सम्मानित किये गये। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल थे।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics