गंगटोक : महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन (एसएफए) राजधानी गंगटोक के पाल्जोर स्टेडियम में सीनियर महिला फुटबॉल लीग 2026 का आयोजन करने जा रहा है। 24 फरवरी से शुरू होने वाली यह लीग और नॉकआउट प्रारूप की प्रतियोगिता का फाइनल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होगा। प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें भाग लेंगी, जिनमें चार सिक्किम की तथा एक-एक दार्जीलिंग और सिलीगुड़ी की हैं।
आज सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन ने अपने कार्यालय फुटबॉल हाउस में एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित कर आगामी प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रतियोगिता के प्रायोजक, देश की एक प्रमुख बीमा कंपनी जेनरली सेंट्रल इंश्योरेंस के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। राज्य में महिला फुटबॉल के विकास के लिए प्रायोजक के रूप में आगे आने पर एसएफए के अध्यक्ष मेन्ला इथेन्पा ने जेनरली सेंट्रल इंश्योरेंस के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि कंपनी की इस पहल से राज्य में महिला फुटबॉल के विकास को उल्लेखनीय सहयोग मिलेगा।
दूसरी ओर, जेनरली सेंट्रल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुप राव ने सिक्किम में महिला फुटबॉल और खिलाड़ियों के विकास में योगदान देने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव फुर्वा शेरपा के अनुसार चैंपियनशिप में गंगटोक हिमालयन स्पोर्टिंग फुटबॉल (मंगन), छुजाचेन स्पोर्ट्स अकादमी, मिलन मोड़ फुटबॉल अकादमी और दार्जीलिंग एकादश भाग लेंगी।
प्रतियोगिता के विजेता दल को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये तथा उपविजेता दल को ट्रॉफी के साथ 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (वुमन ऑफ द मैच) को 5 हजार रुपये और प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (वुमन ऑफ द टूर्नामेंट) को 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। आज के पत्रकार सम्मेलन के दौरान सभी टीमों की जर्सी का भी लोकार्पण किया गया।
#anugamini #sikkim
No Comments: