खराब फील्डिंग ले डूबी : शुभमन गिल

राजकोट । भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को 7 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। इस हार के साथ ही सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है। मैच के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल अपनी टीम के प्रदर्शन, खास तौर पर गेंदबाजी और फील्डिंग से काफी निराश नजर आए। गिल ने हार का ठीकरा मिडल ओवर्स में विकेट न ले पाने और फील्डिंग में हुई गलतियों पर फोड़ा।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने साफ शब्दों में कहा कि बीच के ओवरों में विकेट न चटका पाना टीम इंडिया की हार का सबसे बड़ा कारण बना। गिल ने कहा, हम बीच के ओवरों में कोई भी विकेट नहीं निकाल सके। जब पांच फील्डर घेरे के अंदर हों और आप उस दौरान विकेट नहीं लेते, तो लक्ष्य का बचाव करना बहुत मुश्किल हो जाता है। भले ही हमने बोर्ड पर 15-20 रन और बना लिए होते, लेकिन बीच के ओवरों में विकेट के बिना जीतना नामुमकिन था।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों, खासकर डेरेल मिचेल और विल यंग ने जिस तरह भारतीय स्पिनर्स का सामना किया, उस पर गिल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में वे ढीले पड़ गए। गिल ने कहा, शुरुआती 10-15 ओवरों में गेंद थोड़ी हरकत कर रही थी और हमने अच्छी गेंदबाजी की। लेकिन मुझे लगता है कि 20-25 ओवर के बाद पिच थोड़ी सपाट हो गई थी। उस वक्त हमें गेंदबाजी में थोड़ा और बहादुर होने की जरूरत थी। हमें थोड़े और रिस्क लेने चाहिए थे, जो हम नहीं ले पाए।

पिछले कुछ मैचों में भारतीय टीम की फील्डिंग चिंता का विषय रही है और राजकोट में भी कई कैच छूटे। इस पर कप्तान ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘पिछले मैच में भी हमने कुछ मौके गंवाए थे और आज भी वही हुआ। यह एक ऐसा पहलू है जिसमें हम हमेशा सुधार करने की कोशिश करते हैं, खासकर इस टीम के साथ। लेकिन सच्चाई यह है कि इस फॉर्मेट में अगर आप अपने मौके (कैच) नहीं पकड़ेंगे, तो यह आपको हमेशा हार की ओर ले जाएगा।’ बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए गिल ने कहा कि ऐसी पिचों पर सेट बल्लेबाज का अंत तक टिकना जरूरी होता है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics