प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत कार्यशाला आयोजित

गंगटोक : केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय के अधीन खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत स्थानीय तादोंग स्थित पर्यटन भवन में एक राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में राज्य के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त सचिव सी शुभाकर राव मुख्य अतिथि थे। उनके साथ, सिक्किम केवीआईसी बोर्ड के प्रिंसिपल ग्युरमे यूसल, सहायम एमएसएमई निदेशक-1, डीएफओ निर्मल चौधरी, नाबार्ड डीजीएम अनिल यादव, एसएलबीसी एजीएम गोपाल लामा और केवीआईसी के प्रदेश निदेशक एस. के मीणा ने भी इसमें शिरकत की।

इस दौरान, पीएमईजीपी नोडल ऑफिसर अनुस्मिता सरमा ने योजना के बारे में विस्तार में बताते हुए पिछले कुछ सालों में इसके विभिन्न कार्यान्वयन, योग्यता मापदंड, वेरिफिकेशन और प्रदर्शन पर प्रकाश डाला।

वहीं, मुख्य अतिथि राव ने योजना की खूबियों और इसके लिए आवेदन करने में आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए उद्यमियों को इस योजना का फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्यमियों को अपनी सेवाओं और उत्पादों को हरसंभव बढ़ाने के लिए भी हिम्मत दी और भरोसा दिलाया कि यह योजना और सरकार उनके कामों में मदद करने के लिए मौजूद हैं। उन्होंने योजना के कुछ सफल लाभार्थियों को अपने अनुभव और फायदों के बारे में बोलने का मौका दिया।

इसके बाद एक चर्चा सत्र में केवीआईसी निदेशक एसके मीणा ने संभावित समाधान बताए और संबंधित लोगों को सलाह दी। इसके साथ, बैंकों के प्रदर्शन और पीएमईजीपी को लागू करने में उनकी भूमिका की समीक्षा हुई। इसमें यह देखा गया कि सिक्किम में ज्‍यादातर बैंक अपने लक्ष्य पूरे नहीं कर पाए हैं। ऐसे में, वक्ताओं ने इस बड़ी कमी के कारणों और इसे पूरा करने के उपायों पर बात की। उन्होंने पीएमईजीपी के तहत ऋण देते समय फिजिकल वेरिफिकेशन को भी महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में एमएसएमई निदेशक-1 निर्मल चौधरी ने योजना में बैंकरों की भूमिका पर बात करते हुए उनसे इसे लागू करने में और ज्यादा सक्रिय होने का आग्रह किया। उन्होंने योजना के तहत “नॉन-रीचेबल” दावों की वास्तविकता जांच पर जोर देते हुए इसे लागू करने में पंचायत की सक्रिय भूमिका की जरुरत बतायी। वहीं, गोपाल लामा ने बैंकरों को योजना के लिए सक्रियता से काम करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्कीम को लागू करना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है।

#anugamini #sikkim #KVIC

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics