गंगटोक : सिक्किम की प्रीमियम आतिथ्य अवसंरचना को सशक्त बनाने और गंगटोक को उच्च मूल्य, विवाह एवं माइस पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने आज चिंतन भवन में आयोजित औपचारिक समारोह में 150 कमरों वाले पांच सितारा होटल हयात रीजेंसी गंगटोक का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि यह शिलान्यास राज्य के उज्ज्वल भविष्य, विश्वास और साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने एसएम ग्रुप और पोद्दार ग्रुप को उनकी दूरदर्शी पहल तथा सिक्किम में निवेश के लिए बधाई दी। साथ ही वैश्विक आतिथ्य ब्रांड हयात होटल्स कॉरपोरेशन द्वारा गंगटोक को अपने प्रतिष्ठित ब्रांड के लिए चुनने पर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि हयात रीजेंसी स्थानीय कला, व्यंजन और उत्पादों को बढ़ावा देकर सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करेगी। यह परियोजना मिन्तोकगांग क्षेत्र स्थित सूर्यविलास मिश्रित-उपयोग विकास परिसर में विकसित की जाएगी। होटल एमजी मार्ग से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। इसके समीप एंचे गुम्बा, नामग्याल तिब्बतोलॉजी संस्थान जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल हैं तथा यह नाथू ला दर्रे की ओर जाने वाले एसएच-310 मार्ग पर स्थित है, जिससे पर्यटकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। वर्ष 2025 में गंगटोक में 17 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिनमें 71 हजार से अधिक विदेशी सैलानी शामिल थे। राज्य की वर्तमान क्षमता प्रतिदिन लगभग 42,000 से 45,000 पर्यटकों की है। ऐसे में शहर के केंद्र में 150 लक्ज़री कमरों की अतिरिक्त उपलब्धता उच्च खर्च करने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
3.27 एकड़ के मास्टर प्लान क्षेत्र में बनने वाला यह होटल शहर में प्रीमियम कमरों की कमी को दूर करने में सहायक होगा। परियोजना का विकास एसएम डेवलपर्स की आतिथ्य इकाई एसएम होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की विशेष प्रयोजन इकाई (एसपीवी) गेजिंग होटल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। होटल में 180 सीट क्षमता वाला ऑल-डे डाइनिंग रेस्तरां (अल्फ्रेस्को सहित), विशेष रेस्तरां, बार एवं लाउंज, रीजेंसी क्लब, तापमान नियंत्रित आउटडोर स्विमिंग पूल, 3,000 वर्गफुट का स्पा, जिम, पारिवारिक गतिविधि क्षेत्र और लगभग 13,000 वर्गफुट का लचीला बैठक एवं इवेंट स्पेस होगा।
इसके अतिरिक्त, एक लाइसेंस प्राप्त कैसीनो सुविधा भी प्रस्तावित है, जो गंगटोक को उच्च मूल्य और विनियमित मनोरंजन पर्यटन के केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। यह परियोजना प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उत्पन्न करेगी। साथ ही कृषि, हस्तशिल्प, परिवहन और सांस्कृतिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। राज्य सरकार ने दोहराया कि वह जिम्मेदार निजी निवेश को प्रोत्साहित कर गंगटोक को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त बनाने तथा सतत, समावेशी और भविष्य उन्मुख विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
#anugamini
No Comments: