गेजिंग : पश्चिम सिक्किम के तिक्जेक भीर क्षेत्र में बीती रात हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार 28 फरवरी की रात लगभग 11:00 बजे देन्ताम से गेजिंग की ओर घर निर्माण सामग्री लेकर आ रहा टिपर ट्रक (पंजीकरण संख्या एसके 02 डी 1173) अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में गिर गया।
दुर्घटना में वाहन चालक सल्ले, गेजिंग निवासी 40 वर्षीय प्रदीप छेत्री, लिंगचोम निवासी 18 वर्षीय नागेंद्र गुरुंग तथा दराप के सिंद्राबोंग निवासी 20 वर्षीय ओन्छेन भूटिया की मृत्यु हो गई। घटना के बाद रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल, गेजिंग पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के शव अस्पताल के शवगृह में रखे गए हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा तैयार किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा ने घटना की पुष्टि करते हुए आधिकारिक जानकारी दी है। इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की गई है।
#anugamini
No Comments: