गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने आज गंगटोक स्थित हस्तशिल्प एवं हथकरघा निदेशालय का दौरा किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने निदेशालय में प्रदर्शित विभिन्न हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों का गहन अवलोकन किया तथा वहां कार्यरत कारीगरों से संवाद किया। उन्होंने निदेशालय की चल रही गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, उत्पाद प्रदर्शनियों और स्थानीय कारीगरों की पारंपरिक कलाओं एवं कौशलों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने कहा कि सिक्किम के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पाद न केवल राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने इस बात पर बल दिया कि यह कला पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़े, परंपराओं को जीवित रखे और युवाओं को रोजगार के सार्थक अवसर प्रदान करे। इस दिशा में राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन उत्पादों को कौशल विकास, बाजार विस्तार और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर वाणिज्य और उद्योग विभाग की सचिव कर्मा यूत्सो व निदेशालय के निदेशक श्री छीरिंग तोप्गे भूटिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यपाल को निदेशालय की अब तक की उपलब्धियों, विभिन्न योजनाओं तथा आगामी प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल ने वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास करें।
#anugamini
No Comments: