जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में सिक्किम के दस मुक्केबाज होंगे शामिल

गंगटोक : आगामी 4 से 12 अप्रैल तक नागपुर में आयोजित होने वाली 7वीं (अंडर-17) जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में सिक्किम के दस होनहार मुक्केबाज राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य टीम में छह लड़के और चार लड़कियां शामिल हैं। इससे पहले, सिक्किम एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष, अर्जुन पुरस्कार विजेता जसलाल प्रधान और महासचिव अंजना थापा ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया।

एसोसिएशन ने इस पर गर्व जताते हुए बताया कि विभिन्न भार वर्ग में चयनित ये मुक्केबाज राज्य के सभी जिलों से हैं। इनमें लड़कियों में बनश्री राई (46-48 किग्रा.), नंदिनी कुमारी (48-50 किग्रा.), सोनम चोडेन भूटिया (52-54 किग्रा.) और स्टेला राई (66-70 किग्रा.) शामिल हैं। वहीं, लडक़ों में केशव अधिकारी (44-46 किग्रा.), प्रबीन दहल 46-48 किग्रा), सायल कामी (50-52 किग्रा), बिराज गहतराज (60-63 किग्रा), प्रतीक छेत्री (63-70 किग्रा) और प्रयांशु राय (80 किग्रा से अधिक) शामिल हैं।

एसोसिएशन के अनुसार, इस राज्य टीम का नेतृत्व रेशिथांग स्थित ‘खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर’ की मुख्य कोच सुनीता छेत्री, सहायक कोच प्रवीण छेत्री और प्रबंधक कुमार तमांग करेंगे। उल्लेखनीय है कि बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के जूनियर मुक्केबाज भाग लेंगे। इन एथलीटों का चयन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। सिक्किम एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने सभी मुक्केबाजों को शुभकामनाएं देते हुए टीम के दृढ़ संकल्प, खेल भावना और गौरव पूर्ण प्रदर्शन की उम्‍मीद जतायी है।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics