नामची : दक्षिण सिक्किम के मल्ली विधानसभा के अंतर्गत रमणीय अपर शुक्रबारे में आज से पांच दिवसीय गो सदाम साहसिक पर्यटन विकास कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष एमएन शेरपा ने किया। उद्घाटन समारोह में विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा, पशुपालन मंत्री पूरण गुरुंग, क्षेत्रीय विधायक एनबी प्रधान, विभिन्न विभागों के सलाहकार, अध्यक्षगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अध्यक्ष एमएन शेरपा ने अपर शुक्रबारे और आसपास के गांवों में मौजूद प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं साहसिक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को पेशे के रूप में अपनाने से ही इसका वास्तविक विकास संभव है। पर्यटन के साथ साफ-सफाई, ग्रामीण पर्यटन प्रबंधन और स्थानीय उद्यमशीलता को भी मजबूत करना होगा। उन्होंने शिक्षा पर्यटन, साहसिक पर्यटन, स्वास्थ्य पर्यटन और प्राकृतिक पर्यटन जैसे नए क्षेत्रों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
अध्यक्ष शेरपा ने कहा कि पर्यटक अब नई जगहों की खोज में रहते हैं और अपर शुक्रबारे का शांत, सुंदर तथा अनछुआ वातावरण इसे एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य बना सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में सदाम क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से उभरेगा। औपचारिक उद्घाटन के बाद विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक संगीत, तथा स्थानीय कृषि–उद्यमों द्वारा स्थानीय उद्यम प्रोत्साहन मेला आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ने पैराग्लाइडिंग टेक-ऑफ साइट का निरीक्षण किया और विभिन्न जातीय स्टॉलों का भी भ्रमण किया। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को ट्रेकिंग, कैंपिंग, पर्वतारोहण, नेचर ट्रेल एवं समुदाय आधारित होमस्टे में प्रशिक्षण देना, सदाम क्षेत्र को दीर्घकालिक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना और प्राकृतिक संसाधन, जल-झरने, दृश्यावलोकन स्थलों एवं स्थानीय संस्कृति को संगठित तरीके से पर्यटन से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफी प्रतियोगिता, हाइकिंग-ट्रेकिंग डेमो, सांस्कृतिक प्रदर्शन, स्थानीय व्यंजन शोकेस और पर्यटन व्यवसायिकता पर प्रशिक्षण भी आयोजित किए जाएंगे। पैराग्लाइडिंग की विशेष उड़ान प्रतियोगिता 21 से 23 नवंबर तक चलेगी, जिसमें विभिन्न स्थानों से आए 51 पायलट भाग ले रहे हैं। विशिष्ट अतिथियों ने कहा कि पर्यटन को दिगोपन प्रदान करने के लिए राज्य सरकार, स्थानीय निकाय और समुदाय के बीच मजबूत सहयोग अनिवार्य है। आयोजक हिमालयन फुटप्रिंट सहकारी समिति ने जिम्मेवार पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने पर बल दिया। पांच दिवसीय गो सदाम कार्यक्रम 23 नवंबर को विशेष समापन समारोह के साथ संपन्न होगा।
स्थानीय लोगों और आयोजक समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन सदाम को सिक्किम के तेजी से उभरते साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान देगा। क्षेत्र के विधायक एनबी प्रधान ने युवाओं को पर्यटन क्षेत्र को मजबूत पेशे के रूप में अपनाने पर बल देते हुए कहा कि पर्यटन शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमशीलता का सबसे बड़ा माध्यम साबित हो सकता है।
#anugamini #sikkim
No Comments: