पाकिम : सिक्किम राज्य सहकारी संघ द्वारा आज यहां अपने प्रशिक्षण कक्ष में 24वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पंचायती राज अध्यक्ष बीबी छेत्री शामिल हुए। उनके साथ, असम लिंग्जे जीपीयू की जिला पंचायत सुमन राई, पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीता शर्मा एवं सदस्य, अतिरिक्त सहकारिता रजिस्ट्रार पेम्बा छिरिंग लेप्चा, असम लिंग्जे सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक और असम लिंग्जे एमपीसीएस निदेशक मंडल के सदस्यों ने भी इसमें शिरकत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीबी छेत्री ने एसआईसीयूएन परिवार को 24वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए सभी क्षेत्रों में नेतृत्व और प्रबंधन विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों के प्रति इसके निरंतर समर्पण की सराहना की। उन्होंने संघ द्वारा पिछले 24 वर्षों में 1500 से अधिक प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने छात्रों को संघ की सेवाओं का पूरा लाभ उठाने और सहकारिता क्षेत्र में अधिक सक्रिय रूप से जुड़ने का निर्देश दिया।
इससे पहले, समारोह की शुरुआत संघ के सहकारी विकास अधिकारी जितमान राई द्वारा छात्रों के लिए आयोजित एक सहकारी जागरुकता कार्यक्रम से हुई। इसमें, उन्होंने छात्रों को सहकारिता के मूल मूल्यों और सिद्धांतों और भारत तथा सिक्किम में सहकारिता के इतिहास के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्रों को बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद, मुख्य अतिथि ने केक काट कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फाडुंग भूटिया ने अपने मुख्य भाषण में मुख्य अतिथि एवं सभी का आभार व्यक्त करते हुए 2002 में एसआईसीयूएन की स्थापना के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने रानीपुल के दिनों से लेकर आज तक संघ के साथ अपने जुड़ाव को भी याद करते हुए कहा कि इसका हिस्सा बनना और इसके 24वें स्थापना दिवस का साक्षी बनना उनके लिए अत्यंत सम्मान और सौभाग्य की बात है। वहीं, उन्होंने इस 24वें स्थापना दिवस के अवसर पर एसआसईसीयूएन अध्यक्ष डॉ. मंगल जीत राई की अनुपस्थिति को भी शिद्दत से महसूस किया।
समारोह में असम लिंग्जे एसएसएस के छात्रों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसका संचालन क्विज मास्टर एसीआई तोरमल शर्मा ने किया, जिसमें थुपदेन निमा लेप्चा ने उनकी सहायता की। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
#anugamini
No Comments: