टॉप-8 में रहा सिक्किम लॉ कॉलेज

गंगटोक : सिक्किम गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, गंगटोक ने 38वीं बार काउंसिल ऑफ इंडिया राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-8 में स्थान प्राप्त किया और साथ ही सेकंड बेस्ट मेमोरियल अवॉर्ड जीतकर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 29 से 31 जनवरी 2026 तक असम के रॉयल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, गुवाहाटी में आयोजित की गई थी।प्रतियोगिता का आयोजन बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किया गया, जिसे देश की सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है।

विभिन्न चरणों में प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन गुवाहाटी उच्च न्यायालय सहित विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और विधि विशेषज्ञों द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से आई अनेक टीमों के बीच कड़े मुकाबले के बावजूद सिक्किम गवर्नमेंट लॉ कॉलेज की टीम ने कई चरणों को पार करते हुए शीर्ष आठ में स्थान बनाया।

मेमोरियल की उत्कृष्ट गुणवत्ता के लिए कॉलेज की टीम को सेकंड बेस्ट मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।निर्णायक मंडल ने मेमोरियल की स्पष्टता, संरचना और कानूनी तर्कों की विशेष सराहना की। साथ ही मौखिक बहस के दौरान टीम की संयमित और अनुशासित वकालत को भी प्रशंसनीय बताया। टीम में महेश छेत्री, खुशी राई और सृजन प्रधान शामिल थे। टीम का मार्गदर्शन सहायक प्राध्यापक एवं संयोजक डॉ सुषमा शर्मा ने किया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ दिलीप पांडेय सहित सभी संकाय सदस्यों ने टीम को निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग प्रदान किया, जिससे यह सफलता संभव हो सकी। यह उपलब्धि सिक्किम गवर्नमेंट लॉ कॉलेज के लगातार बढ़ते शैक्षणिक और मूटिंग स्तर को दर्शाती है तथा संस्थान को विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत में सरकारी विधि महाविद्यालयों के लिए एक उभरते मानक के रूप में स्थापित करती है। प्रतियोगिता के समापन एवं सम्मान समारोह में टीम को उपस्थित न्यायपालिका के सदस्यों, विधि विशेषज्ञों और गणमान्य अतिथियों द्वारा औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics