गंगटोक : सिक्किम की फिल्म शेप ऑफ मोमो ने रूस के खांती-मान्सियस्क में आयोजित स्पिरिट ऑफ फायर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दो पुरस्कार जीते हैं, जहां इसे इंटरनेशनल डेब्यू प्रतियोगिता में प्रदर्शित किया गया था।
त्रिबेनी राई के निर्देशन में बनी इस नेपाली भाषा की फिल्म ‘Shape of Momo’ को 16 मार्च को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू फिल्म के लिए सिल्वर टैगा अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पारंपरिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर फोकस के लिए इसे रोसकांग्रेस फाउंडेशन द्वारा ‘सोल ऑफ रशिया – वर्ल्ड सिनेमा स्पेशल प्राइज’ भी दिया गया। पुरस्कार स्वीकार करते हुए राई ने इन्हें सिक्किम को समर्पित किया और कहा कि यह सम्मान ऐसे महत्वपूर्ण समय पर मिला है, जब हिमालयी राज्य 19 मार्च से अपना अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित करने जा रहा है।
राई इस महोत्सव में अपनी मां और फिल्म की निर्माता गीता राय के साथ शामिल हुईं। इसे यादगार अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि अपनी मां के साथ यह पुरस्कार जीतना एक खास पल था। उन्होंने महोत्सव की जूरी के अध्यक्ष और फिल्म निर्माता एमिर कुस्तुरिका से मुलाकात को भी अपने लिए विशेष अनुभव बताया।
पूर्वी सिक्किम के नंदोक की निवासी राई ने इससे पहले वर्ष 2016 में रूस में आयोजित वीजीआईके इंटरनेशनल समर स्कूल में भाग लिया था, जहां उन्होंने एक लघु फिल्म बनाई थी।
वर्ष 2003 में स्थापित स्पिरिट ऑफ फायर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दुनिया भर के उभरते फिल्मकारों की पहली फिल्मों को मंच प्रदान करता है।
‘Shape of Momo’ की अगली स्क्रीनिंग अप्रैल में एम्स्टर्डम में होने वाले सिनेमा एशिया फिल्म महोत्सव में होगी, जहां इसका डच प्रीमियर होगा। फिल्म के निर्माता इसके ऑल इंडिया रिलीज की तैयारी भी कर रहे हैं, जिसकी प्रीमियर स्क्रीनिंग गंगटोक में प्रस्तावित है। फिलहाल वितरकों के साथ बातचीत जारी है।
#anugamini
No Comments: