सड़क सुरक्षा साझा दायित्व है : जिलाधिकारी

सड़क सुरक्षा पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

गेजिंग : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आज गेजिंग सार्वजनिक भवन में एक विशेष जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गेजिंग परिवहन विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा-जीवन सुरक्षा के मूल नारे के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गेजिंग के डीएम तेनजिंग डी डेंजोंग्‍पा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा और चालकों के अनुशासन से संबंधित एकदिवसीय शिविर एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें ट्रैफिक नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन की व्यवहारिक विधियों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डीएम डेंजोंग्‍पा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समस्त नागरिकों का साझा दायित्व है। उन्होंने वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन, नियंत्रित गति, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अत्यंत आवश्यक बताया, जो सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को अत्यंत दुखद बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक चेतना फैलाने में सहायक सिद्ध होंगे। डीएम ने सड़क की स्थिति पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके सुधार के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जा रही है। डीएम ने आगे कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना तथा लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने सवारी चालकों और पैदल यात्रियों दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जानकारी दी कि दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी और जन-जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

एसपी छिरिंग शेरपा ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विविध जानकारियां साझा करते हुए चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी। वहीं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रामहांग लिम्बू ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अवधि में विभिन्न विद्यालयों, चालक संगठनों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालक लाइसेंस, वाहनों की नियमित जांच, बीमा तथा आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए। कार्यक्रम में नगर पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न चालक संगठनों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, ट्रैफिक पुलिस, सरकारी अधिकारी तथा आम नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित चालक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए भविष्य में और अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारीमूलक संबोधन दिए गए। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से गेजिंग जिले के वाहन चालकों से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जन-सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई। विभाग ने बताया कि इस माहव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर आकर्षित करना है। कार्यक्रम में लोकल टैक्सी चालक संगठन के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics