गंगटोक : सिक्किम गरीब आवास योजना के तहत योग्य लाभार्थियों को आवास मिलना सुनिश्चित करने की दिशा में सिक्किम प्रदेश भाजपा ने योजना के री-वेरिफिकेशन पर आधिकारिक कार्रवाई की मांग की है।
सिक्किम प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता सांगे ग्याछो भूटिया के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं ने आज ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय जाकर योजना आवंटन आदेशों के वादे के अनुसार पुन: सत्यापन के संबंध में तत्काल स्पष्टीकरण और लिखित पुष्टि की मांग की।
भूटिया ने बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर में हुई उच्च-स्तरीय चर्चाओं और मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप का हवाला देते हुए दिए गए विशिष्ट आश्वासनों के बावजूद यह देखा गया है कि आवासों का योग्यता-आधारित वितरण सुनिश्चित करने हेतु कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। ऐसे में, आज ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी के साथ बैठक में पार्टी ने तीन मुख्य क्षेत्रों पर प्रकाश डाला।
प्रदेश भाजपा नेता ने बताया कि बैठक में री-वेरिफिकेशन की मांग करते हुए कहा गया कि पिछले विभागीय आश्वासनों के बावजूद आवंटन आदेशों का ऑडिट शुरू करने के लिए कोई आधिकारिक कदम नहीं उठाया गया है। वहीं, संचार में कमी के बारे में भी कहा गया कि एक औपचारिक सर्कुलर या सार्वजनिक नोटिस नहीं होने से कई योग्य लाभार्थियों को अनिश्चितता की स्थिति में छोड़ दिया है।
बैठक में प्रदेश भाजपा ने ग्रामीण विकास विभाग से विगत 5 दिसंबर की बैठक के दौरान हुए समझौतों की लिखित पुष्टि प्रदान करने, री-वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए एक स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने, वर्तमान आदेशों की वैधता के संबंध में सार्वजनिक भ्रम दूर करने हेतु आधिकारिक सर्कुलर जारी करने और एसजीएवाई लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक करने का अनुरोध किया।
प्रवक्ता भूटिया के अनुसार, प्रदेश भाजपा किसी भी योग्य नागरिक को एसजीएवाई आवास के अधिकार से वंचित न किये जाने के लिए स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। पार्टी का मानना है कि एसजीएवाई जैसी सार्वजनिक कल्याण योजनाएं राजनीतिक संरक्षण से परे होनी चाहिए। सिक्किम के लोगों के प्रति हमारी यह जिम्मेदारी है कि इन घरों का आवंटन वास्तविक आवश्यकता और योग्यता के आधार पर हो।
#anugamini #sikkim
No Comments: