गंगटोक : गंगटोक स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से सिक्किम के आकांक्षी जिला सोरेंग में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) के लिए एक टाउन हॉल बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईसी सोरेंग के महाप्रबंधक, एमएसएमई-डीएफओ, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा सोरेंग जिले के टिंबुरबोंग एमएसएमई क्लस्टर के उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरबीआई गंगटोक के महाप्रबंधक जी रविशंकर ने एमएसएमई क्षेत्र में ऋण की कमी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोजगार सृजन में इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए बैंकों को ऋण उपलब्धता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने बैंकरों से अपील किया कि वे एमएसएमई उद्यमियों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करें, उनके ऋण आवेदनों का शीघ्र निपटान करें तथा ऋण वितरण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसके पश्चात विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। आरबीआई के प्रबंधक पराज परवीन नागदिवे ने एमएसएमई को ऋण देने संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। वहीं जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक अनुला गुरुंग, एसबीआई के एलडीएम नितेश कुमार, सिडबी के प्रबंधक शेखर सुमन तथा एमएसएमई-डीएफओ के सहायक निदेशक डॉ राहुल कांबले ने पीएमईजीपी योजना, एमएसएमई को ऋण देने में बैंकों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक चुनौतियां, मुद्रा योजना, सीजीटीएमएसई तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में उद्यमी नीरज दोंग और पूर्ण माया राई ने अपने उद्यमशीलता के अनुभव साझा किए, जिससे उपस्थित लोगों को प्रेरणा मिली। इसके अतिरिक्त, स्थानीय कलाकारों द्वारा वित्तीय धोखाधड़ी के प्रचलित तरीकों और केवाईसी के महत्व पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#anugamini
No Comments: