गंगटोक : आगामी 19 अप्रैल को गंगटोक के रांका स्थित खेलगांव में आयोजित होने वाली पहली सिक्किम क्रॉस कंट्री दौड़ के लिए सिक्किम एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आज यहां एक पूर्वावलोकन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें विधायक एवं एसोसिएशन के संरक्षक संजीत खरेल मुख्य अतिथि और राज्य खेल विकास बोर्ड अध्यक्ष रिनजिंग वांग्याल चोफेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान, उन्होंने क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के पोस्टर के साथ-साथ सिक्किम एथलेटिक एसोसिएशन के वार्षिक कैलेंडर का भी औपचारिक विमोचन किया।
यहां अपने संबोधन में विधायक ने इस पहल को राज्य के लिए ऐतिहासिक और एथलेटिक्स के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह राज्य में एक मजबूत खेल संस्कृति के निर्माण के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसके लिए सिक्किम एथलेटिक एसोसिएशन की प्रशंसा की।
वहीं, खेलों में भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स न केवल शारीरिक फिटनेस और अनुशासन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह करियर अवसरों और नौकरी की सुरक्षा के द्वार भी खोलता है। उन्होंने इस आयोजन में विभिन्न सरकारी विभागों की भागीदारी की भी सराहना की और कहा कि इस तरह की भागीदारी अंतर-विभागीय जुड़ाव, समन्वय और आपसी समझ को बढ़ावा देने में बहुत सहायक सिद्ध होगी। इस तरह के आयोजन संस्थागत संबंधों को मजबूत करते हैं और एकता तथा सहयोग की भावना पैदा करते हैं। इसके साथ ही, उन्होंने आयोजकों को अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सलाहकार ने यह भी कहा कि ऐसी पहल सिक्किम और उसके नागरिकों के लिए फायदेमंद हैं, क्योंकि ये लोगों में स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सक्रिय जीवन शैली के प्रति एक व्यापक सोच विकसित करने में मदद करती हैं। कार्यक्रम के बाद एक प्रेस ब्रीफिंग में एसोसिएशन अधिकारियों ने आगामी चैंपियनशिप की मुख्य जानकारियों के बारे में बताया। आयोजकों के अनुसार, चैंपियनशिप में ओपन पुरुष 10के और ओपन महिला 10के की दो श्रेणियां होंगी। यह आयोजन केवल एक टीम इवेंट के रूप में किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक टीम में अधिकतम छह और न्यूनतम चार प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं।
वहीं, एसोसिएशन ने पूरे राज्य के रनिंग क्लबों, सरकारी विभागों, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और विभिन्न संगठनों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। बताया गया कि इस आयोजन के लिए पंजीकरण 25 मार्च से 5 अप्रैल तक खुला रहेगा। टीम के लिए 500 रुपए और व्यक्तिगत प्रतिभागी के लिए 300 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक टीमें डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.सिक्किमएए.ओआरजी के माध्यम से पंजीकरण कर सकती हैं और विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में संपन्न होने वाला यह आयोजन एक खुली प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जाएगा। यह पूरे राज्य और उसके बाहर के एथलीटों को अपनी सहनशक्ति और प्रतिस्पर्धी भावना का प्रदर्शन करने तथा इसमें भाग लेने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। आज की चर्चा के दौरान, आयोजकों ने आयोजन के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला, जिनमें भागीदारी के नियम, दौड़ का मार्ग, सुरक्षा उपाय और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं शामिल थीं।
#anugamini
No Comments: