गेजिंग : आगामी नगर पालिका चुनाव 2026 के संबंध में गेजिंग नगर पंचायत के लिए आज जिला प्रशासनिक केंद्र में एक प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर सह निर्वाचन अधिकारी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेश राई, एडीसी (मुख्यालय) तृप्ति हांगमा सुब्बा, एसडीएम संदेश सुब्बा, एसडीएम (मुख्यालय) अग्नि प्रसाद छेत्री, बीडीओ गाराप भूटिया के साथ जिले के नोडल अधिकारी, एनआईसी प्रतिनिधि और जिला निर्वाचन प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में, एडीसी (मुख्यालय) सुश्री सुब्बा ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के बारे में जानकारी देते हुए चुनाव संबंधी कर्तव्यों के प्रभावी निष्पादन हेतु सहायक कर्मचारियों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने चुनावों के सुचारू और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख दिशानिर्देशों और प्रक्रियात्मक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने सूचित किया कि अपडेट की त्वरित जानकारी सुनिश्चित करने और समयबद्ध व समन्वित तरीके से किए जाने वाले आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श करने के लिए साप्ताहिक आधार पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक के दौरान, डीईओ ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए आगामी गेजिंग नगर पंचायत चुनाव का स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजन होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी बनाए रखने का निर्देश देते हुए बगैर पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के प्रति आगाह किया। उन्होंने आगे निर्देश दिया कि सभी निर्धारित मतदान केंद्रों का पहले से ही भौतिक निरीक्षण किया जाना चाहिए, और मतदाताओं के लिए सुचारू, सुरक्षित और बाधा-मुक्त मतदान सुनिश्चित करने हेतु हर आवश्यक उपाय और बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इसके अलावा, डीईओ ने सभी नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर समय पूरी तरह तैयार रहें और यह सुनिश्चित करें कि चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय-सीमा के भीतर और कुशलता से किए जाएं। बैठक में विभिन्न मुख्य बिंदुओं पर चर्चा और विचार-विमर्श हुआ, जिनमें सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अंतिम रूप देना, परिवहन प्रबंधन, ईवीएम प्रबंधन, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा योजना, कर्मचारियों की तैनाती एवं प्रबंधन और अन्य शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि कुल पांच वार्डों वाले गेजिंग नगर पंचायत में 2662 पंजीकृत मतदाता इस चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
#anugamini
No Comments: