मंगन : ‘सिक्किम इंस्पायर्स’ के तहत मंगन जिला प्रशासन द्वारा आज डीएसी सभागार में ‘नॉर्थ सिक्किम इनोवेट्स’ उद्यमी सम्मेलन का किया गया।
मंगन एसडीएम संदीप कुमार के स्वागत भाषण से शुरू हुए कार्यक्रम डीसी सह अध्यक्ष अनंत जैन ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उभरते उद्यमियों और स्थापित व्यवसायियों को एक मंच प्रदान करना है। उन्होंने ऐसी पहल को नवाचार एवं कौशल बढ़ाने और प्रतिभागियों को नए विचारों से परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण मंच बताते हुए सभी को वित्तीय संसाधनों का समझदारी से उपयोग करने और सतत विकास के लिए सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी।
वहीं, एडीसी (विकास) डॉ सोनम रिंचेन लेप्चा ने उद्यमियों की सहायता और आजीविका के अवसर पैदा करने को इस पहल का मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु पुराने मंगन बाजार में एक साप्ताहिक हाट शुरू करने की योजना है। उनके साथ, सीड सेल के आयोजन सचिव ताशी वांगडुप लेप्चा ने सेल के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
मंगन बीडीओ कैलाश थापा ने ‘सिक्किम इंस्पायर्स’ के बारे में बताते हुए राज्य में युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमिता बढ़ाने के इसके लक्ष्य के बारे में बात की।
इस दौरान, वाणिज्य व उद्योग विभाग के रैंप सलाहकार नितेश पौड्याल ने मार्केटिंग, ब्रांडिंग और मूल्य निर्धारण पर एक ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। उन्होंने प्रतिभागियों को सीड सेल के माध्यम से अपना उद्यम पंजीकरण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उनके आगामी व्यवसायों के विकास में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करने के साथ उसे सुव्यवस्थित करेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न एनजीओ एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी प्रस्तुतियां पेश कीं। इनमें एमएलएएस एनजीओ के संस्थापक अध्यक्ष उगेन पालजोर लेप्चा, ओ2 हिमालयन के संस्थापक सोनम ग्यालछेन तेनजिंग और ईकोस्ट्रीम के प्रबंध निदेशक सोनम ताशी ग्यालछेन शामिल रहे।
बाद में, एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया और विस्तृत स्पष्टीकरण प्रदान किए। इस अवसर पर बागवानी अध्यक्षा ओंगकित लेपचा, आईटी एडी मुक्सम लिम्बू, एसएचजी सदस्य, उद्यमी एवं अन्य भी उपस्थित थे।
No Comments: