जल जीवन मिशन की हुई समीक्षा

मंगन : जिले में ‘जल जीवन मिशन’ की प्रगति और कार्यान्वयन की समीक्षा हेतु आज यहां डीसी कार्यालय में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की एक नियमित बैठक हुई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक का मुख्य फोकस पूरे जिले में जल आपूर्ति और स्वच्छता से जुड़ी पहलों को मजबूत बनाने पर था।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर पेमा वांगचेन नामकरपा, एसडीएम संदीप कुमार, एडीसी (विकास) डॉ सोनम रिंचेन लेप्चा, अतिरिक्त सचिव सह जिला योजना अधिकारी कर्मा थेनडुप भूटिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनीता भूटिया के साथ जिला पंचायत सदस्यों और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

शुरुआत में, जिला योजना अधिकारी सह जिला जल व स्वच्छता मिशन के नोडल अधिकारी इस समीक्षा बैठक के उद्देश्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला और जिले में जल तथा स्वच्छता योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके बाद, काबी बीएसी के डीई सोनम पी. भूटिया ने ‘जल जीवन मिशन’ के कार्यान्वयन पर एक विस्तृत स्थिति रिपोर्ट में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में पूरे हो चुके कार्यों, चल रही परियोजनाओं और भौतिक प्रगति का विवरण दिया। इसमें ‘जल सेवा अंकन डीटीयू फॉर्म’ की जांच से संबंधित अद्यतन जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि काबी-टिंगदा ब्लॉक ने अपने सभी 10 गांवों में मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया है, जबकि इंगडोंग ब्लॉक ने 13 में से 6 गांवों में यह कार्य पूरा किया है। मंगन ब्लॉक (16 गांव) और चुंगथांग ब्लॉक (4 गांव) की प्रगति से संबंधित अद्यतन जानकारी भी प्रदान की गई।

बैठक में ‘सुजलाम भारत’ पहल के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, ‘जल अर्पण दिवस’ नामक पहल पर भी विचार-विमर्श किया गया। तत्पश्चात, एडीसी (विकास) डॉ सोनम रिंचेन लेप्चा ने जिला जल स्वच्छता मिशन के अंतर्गत स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों की एक व्यापक समीक्षा प्रस्तुत की। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, मल कीचड़ प्रबंधन, व्यक्तिगत घरेलू शौचालय, सामुदायिक स्वच्छता परिसर और मासिक धर्म अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न घटकों को शामिल किया गया। बैठक का समापन एक सक्रिय आंतरिक चर्चा के साथ हुआ।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics