अंतर-राज्य यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू

झारखंड से सिक्किम पहुंचे 37 युवा

नामची : केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय के तहत स्थानीय माई भारत केंद्र की मेजबानी में आज से स्थानीय ऑफिसर्स क्लब में अंतर-राज्य यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 की शुरुआत हुई। 21 फरवरी तक चलने वाला यह पांच दिवसीय कार्यक्रम में झारखंड से 37 प्रतिभागी और दो एस्कॉर्ट्स हिस्सा ले रहे हैं।

गौरतलब है कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत पहल का हिस्सा, अंतर-राज्य यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम का उद्देश्य अलग-अलग राज्यों के युवाओं को जोड़ना और सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और सम्मान को बढ़ावा देना है। इसमें प्रतिनिधिमंडल अपनी विरासत, परंपराओं और विकास तरीकों के बारे में जानकारी साझा करने हेतु तीन से पांच दिनों के लिए जोड़े गए राज्यों की यात्रा करते हैं। 2025-2026 के दौरान, माई भारत केंद्र देश भर में 100 ऐसे यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम कर रहा है। वहीं, सिक्किम में, इस कार्यक्रम को गंगटोक और नामची जिलो में झारखंड और त्रिपुरा के प्रतिभागियों के साथ आयोजित किया गया है।

आज इसके उद्घाटन अवसर पर खेल एवं युवा मामलों के चेयरमैन बसंत योंजन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ नामची एएसपी मणि कुमार तमांग, जिला सूचना अधिकारी दीप्ति प्रधान, सहायक खेल व युवा मामलों की निदेशक शोभा गुरुंग, नामची गवर्नमेंट कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मी राई और डिस्ट्रिक्ट यूथ सेक्रेटरी सोनम पॉल तेनजिंग भूटिया विशेष अतिथि थे।

यहां माई भारत केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर मंगल झाकर ने यूथ एक्‍सचेंज प्रोग्राम के बारे में बताते हुए स्ट्रक्चर्ड कल्चरल एक्सचेंज के ज़रिए राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा प्रतिभागियों को भारत की समृद्ध परंपराओं, विरासत और सामाजिक प्रथाओं से गहराई से जुड़ने के लिए मंच देती है। साथ ही यह राज्यों के बीच पक्की दोस्ती और आपसी सम्मान को बढ़ावा देती है।

वहीं, जिला युवा सचिव सोनम पॉल तेनज़िंग ने कहा कि किसी देश के युवा देश का भविष्य बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा, विजन और जोश से लैस होकर, हमारे देश को एक बेहतर और खुशहाल भविष्य की ओर ले जाने में सक्षम हैं। ऐसे में, उन्होंने अंतर-राज्य यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम आयोजित करने में माई भारत केंद्र की पहल की भी तारीफ की।

समारोह के दौरान, नामची जिला माई भारत केंद्र द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि को सम्मानित किया गया। वहीं, झारखंड और नामची जिले के प्रतिभागियों ने पारंपरिक नृत्य प्रदर्शन किया। इस दौरान, माई भारत केंद्र, नामची के एपीए बीएस मलिक, नामची गवर्नमेंट कॉलेज के छात्र एवं प्रतिभागी भी मौजूद थे।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics