सांगकलांग में नवनिर्मित बेली ब्रिज का उद्घाटन

मंगन : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में तथा राज्य के वन व पर्यावरण मंत्री सह जोंगू क्षेत्रीय विधायक पिंछो नामग्याल लेप्चा के मार्गदर्शन में जिला उपाध्यक्ष सोनम किपा भूटिया ने आज 72 इंजीनियर रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आलोक शंकर और 107 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग मेजर राम लखन तेवतिया के साथ सांगकलांग में नवनिर्मित अतिरिक्त चौड़े बेली ब्रिज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जोंगू क्षेत्र के जिला और पंचायत सदस्य, ग्रेफ, बीआरओ के अधिकारी, कर्मचारी एवं आम लोग मौजूद थे।

बताया गया है कि 24 टन भार क्षमता और 180 फीट लंबे इस पुल का निर्माण त्रिशक्ति सैपर्स ने सीमा सडक़ संगठन (बीआरओ) के सहयोग से किया है। इसका निर्माण कार्य पिछले वर्ष 26 दिसंबर को शुरू होकर 1 जनवरी, 2025 को रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ है। यह पुल गर्मियों तक चालू रहेगा, जब बढ़ते जल स्तर के कारण इसे तोड़ना आवश्यक हो जाएगा।

आज के इस पुल उद्घाटन अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सोनम किपा भूटिया ने क्षेत्र के चुनौतीपूर्ण भूभाग और आपदा-संवेदनशील प्रकृति से उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने त्रिशक्ति कोर और बीआरओ को उनके समर्पण के लिए धन्यवाद दिया और जोंगू और मंगन के बीच संपर्क बहाल करने में पुल की भूमिका पर जोर दिया।

भूटिया ने कहा कि इस नवनिर्मित पुल से माल परिवहन में सुविधा होगी और बाजारों एवं आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुधार होगा। इससे क्षेत्र पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। साथ ही यह निवासियों के लिए गतिशीलता को भी बढ़ाएगा। वहीं, स्थानीय निवासियों ने इस मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री, क्षेत्र विधायक लेप्चा और इसमें शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हालांकि यह पुल अस्थायी है, लेकिन यह निवासियों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के साथ ही आगामी नामसूंग महोत्सव की सफलता को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाएगा।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics