पाकिम : आरिटार जीपीयू के अंतर्गत अपर खाम्दोंग वार्ड में 27 फरवरी को हेमनाथ नावबाग के घर भीषण आग लगने की घटना के बाद पाकिम जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित स्थल का निरीक्षण करने और नुकसान का आकलन करने के लिए टीम भेजी। आग की लपटों ने आवासीय भवन को पूरी तरह नष्ट कर दिया। घर जलकर राख हो गया, जिससे महत्वपूर्ण दस्तावेज, घरेलू सामान और व्यक्तिगत वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। इस घटना के बाद प्रभावित परिवार बिना आश्रय और आवश्यक सामग्री के रह गया। घटना की सूचना मिलते ही एक संयुक्त टीम ने स्थल का दौरा किया।
इस टीम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ रोंगली के एसडीएम सुरेन कुमार प्रधान, रेनॉक के बीडीओ एसके ढुंगाना, आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस विभाग तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने विस्तृत रूप से क्षति का आकलन किया और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनकी तत्काल आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। एसडीआरएफ के प्रावधानों के अनुरूप एसडीएम रोंगली सुरेन कुमार प्रधान द्वारा प्रभावित परिवार को मौके पर ही अनुग्रह राशि प्रदान की गई, ताकि उन्हें तत्काल आर्थिक राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान यह पुष्टि हुई कि मकान पूरी तरह जल चुका है और परिवार के पास कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बचा है। इस स्थिति को देखते हुए पाकिम जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत भी राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
एसडीएम (मुख्यालय) थेंडुप लेप्चा ने आज प्रभावित परिवार को राहत सामग्री सौंपकर इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।जिला प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पुनर्वास और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग जारी रखी जाएगी, ताकि वे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से उबरकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
#anugamini
No Comments: