गेजिंग : गेजिंग जिले में सामान्य नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया आज पूरी हो गई। नाम वापसी की कार्यवाही के दौरान वार्ड संख्या 5-न्यू गेजिंग (ओबीसी)(एस) से निर्दलीय उम्मीदवार विष्णु लाल थापा छेत्री और संतोष शर्मा ने अपने नामांकन वापस लेने के लिए फॉर्म-21 प्रस्तुत किया। यह प्रक्रिया नगर निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी तेनजिंग डी डेनजोंग्पा की उपस्थिति में, चुनाव पर्यवेक्षक बिमल राई के समक्ष पूरी की गई। इसके साथ ही वार्ड संख्या 5-न्यू गेजिंग को भी निर्विरोध घोषित कर दिया गया।
नामांकन वापसी के बाद गेजिंग नगर पंचायत के सभी पांचों वार्डों में केवल एक-एक वैध उम्मीदवार शेष रह गया। इसके चलते सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है और अब जिले में मतदान नहीं कराया जाएगा। निर्वाचित उम्मीदवारों का विवरण इस प्रकार है-क्योंगसा (एसटी) से रिनजिंग भूटिया, बयादुंग (एससी) से प्रवीण दर्जी, नयाबाजार वार्ड (एसटी)(महिला) से लाकी डोमा भूटिया, सेंट्रल गेजिंग (सामान्य)(महिला) से सुमन मित्तल और न्यू गेजिंग (ओबीसी)(एस) से खिन माया तिवारी निर्विरोध चुनी गई हैं। सभी उम्मीदवार सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के हैं। निर्वाचित घोषित सभी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण पत्र (फॉर्म-47) भी प्रदान कर दिया गया है।
#anugamini
No Comments: