गंगटोक : सिक्किम की राजधानी गंगटोक के सदर पुलिस स्टेशन को वर्ष 2024 के लिए सिक्किम के शीर्ष पुलिस स्टेशन के रूप में मान्यता दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित वार्षिक रैंकिंग के तहत यह मान्यता प्रदान की गई है।
मंत्रालय द्वारा जारी “पुलिस स्टेशनों की रैंकिंग 2024” रिपोर्ट में देश भर के राज्यवार शीर्ष पुलिस स्टेशनों को शामिल किया गया है। गंगटोक के सदर पुलिस स्टेशन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक सेवा वितरण और नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए सिक्किम के लिए यह स्थान हासिल किया है।
जानकारी के अनुसार, यह रैंकिंग अपराध रोकथाम, जांच गुणवत्ता, मामलों के निपटान, बुनियादी ढांचे और जनता की प्रतिक्रिया सहित विभिन्न मानकों पर आधारित है। ऐसे में, यह सम्मान सदर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों के समर्पण और व्यावसायिकता का प्रमाण है।
मंत्रालय के इस वार्षिक अभ्यास का उद्देश्य पुलिस स्टेशनों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ देश में समग्र पुलिस व्यवस्था में सुधार करना है। सदर पुलिस स्टेशन के साथ-साथ, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 35 अन्य पुलिस स्टेशनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले के रूप में मान्यता दी गई है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सिक्किम के दो पुलिसकर्मियों को राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें सिक्किम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अविचल और गंगटोक के पुलिस उप महानिरीक्षक सोनम ग्याछो भूटिया शामिल हैं। इन्हें क्रमश: विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
#anugamini #sikkim
No Comments: