गंगटोक : बागवानी कर्मचारियों की तकनीकी क्षमता और क्षेत्र-स्तरीय प्रभावशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से गंगटोक जिला बागवानी द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र आईसीएआर अनुसंधान परिसर के तकनीकी सहयोग से स्थानीय आईसीएआर सिक्किम केंद्र में पांच दिवसीय मास्टर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इसके उद्घाटन अवसर पर कृषि व बागवानी आयुक्त सह सचिव जिग्मी दोरजी भूटिया मुख्य अतिथि और बागवानी सचिव छिरिंग थेंडुप भूटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ इसमें आईसीएआर एनईएच क्षेत्रीय प्रमुख डॉ अशोक कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिले में अपनी तरह का यह पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम पांच बैचों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 300 क्षेत्रीय कार्यकर्ता शामिल होंगे। आज प्रशिक्षण की शुरुआत में मुख्य अतिथि ने पेशेवर काबिलियत बढ़ाने और किसानों को सेवा प्रदान में सुधार हेतु नियमित क्षमता निर्माण को महत्वपूर्ण बताते हुए सीखने के नतीजों का मूल्यांकन करने के लिए हर बैच के आखिर में मूल्यांकन करने का सुझाव दिया। वहीं, बागवानी सचिव ने प्रतिभागियों को वैज्ञानिकों के साथ सक्रियता से जुड़ने और प्रशिक्षण का सर्वोच्च उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके अलावा, बागवानी विभाग के प्रधान निदेशक ने बताया कि ऑर्गेनिक फील्ड असिस्टेंट किसानों के साथ संपर्क की पहली पंक्ति के रूप में कार्य करते हैं और विभागीय कार्यक्रम को असरदार तरीके से लागू करने के लिए उन्हें तकनीकी रुप से मजबूत रहना चाहिए।
#anugamini #sikkim
No Comments: