गंगटोक : आज सिक्किम में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। हाल के दिनों में हिमालयी राज्य में लगातार आ रहे झटकों की श्रृंखला में यह एक और घटना है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार भूकंप की तीव्रता 3.2 थी और इसका केंद्र कम गहराई पर स्थित था, जिसके कारण कई क्षेत्रों में झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सिक्किम भूकंपीय जोन-4 के अंतर्गत आता है और पिछले कुछ सप्ताह से यहां निम्न से मध्यम तीव्रता के भूकंप बार-बार दर्ज किए जा रहे हैं। इसी महीने की शुरुआत में 3.5 और 4.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे, जबकि फरवरी के अंतिम सप्ताह में 2.8 से 3.6 तीव्रता के हल्के भूकंप दर्ज किए गए थे।
विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत का क्षेत्र हिमालयी विवर्तनिक पट्टी पर स्थित है, जहां भारतीय और यूरेशियन प्लेटों का टकराव होता है, जिससे यह इलाका भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। हालांकि हाल के अधिकांश झटके कम तीव्रता के रहे हैं, लेकिन कम समय में बार-बार आ रहे भूकंपों ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
No Comments: