जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

गेजिंग : गेजिंग के डीसी तेनजिंग डी डेन्जोंग्पा ने आज ताशीडिंग स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कोंगरी-ताशीडिंग क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र गुरुंग, गेजिंग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नामग्याल भूटिया तथा ताशीडिंग के चिकित्सा अधिकारी डॉ छिरिंग शेरपा उपस्थित थे।

डीसी डेन्जोंग्पा ने नवनिर्मित तीन मंजिला स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र भवन का विस्तार से निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निर्मित दो मंजिला ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया तथा वहां की आधारभूत संरचना और संचालित सेवाओं का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के क्रम में डीसी ने एक्स-रे यूनिट, डेंटल सेक्शन, डॉट्स कक्ष तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं मातृ-शिशु कल्याण अनुभाग का भी दौरा किया। उन्होंने आईपीडी का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और उपलब्ध उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।

अस्पताल के कर्मचारियों के साथ संक्षिप्त बैठक में डीसी ने समर्पण और जिम्मेदारी के साथ मरीज-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने पर जोर दिया, ताकि आमजन में विश्वास और भरोसा बना रहे। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को जहां भी तैनाती हो, सार्वजनिक सेवा के हित में प्रतिबद्धता और अनुकूलता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डीसी ने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए चिकित्सा टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर अस्पताल कर्मियों ने स्वास्थ्य सुविधा के बेहतर संचालन के लिए कुछ आवश्यकताओं से भी अवगत कराया। डीसी डेन्जोंग्पा ने आश्वासन दिया कि इन मांगों की समीक्षा कर नियमों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सेवा वितरण और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

#anugamini #sikkim

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics