जिला-स्तरीय उद्यमी सम्मेलन आयोजित

गेजिंग : नवाचार, कौशल और बाजार संपर्कों के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में ‘सिक्किम इंस्पायर्स-आईईआईएपी’ के तहत आज गेजिंग कम्युनिटी हॉल में जिला-स्तरीय उद्यमी सम्मेलन सह उत्पाद प्रदर्शनी आयोजित की गई।

जिला कलेक्टर सह आईईआईएपी जिलाध्यक्ष तेनजिंग डी डेनजोंग्पा इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ, एडीसी (विकास) सह आईईआईएपी सदस्य सचिव सूरत कुमार गुरुंग, एडीसी तृप्ति हांगमा सुब्बा, सीएमओ नामग्याल भूटिया  तथा बीडीओ, आईटीआई प्रधानाचार्य, विभिन्न विभागीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोगों ने भी इसमें शिरकत की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने ग्रामीण आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता को गति देने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए नवाचार, कौशल विकास और मजबूत बाजार संपर्कों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने उद्यमियों से सरकारी सहायता का लाभ उठाने, गुणवत्ता मानक बनाए रखने तथा व्यापक बाजारों की तलाश करने का आग्रह करते हुए क्षमता निर्माण, बुनियादी ढांचा विकास तथा वित्तीय एवं विपणन संबंधी सहायता के माध्यम से उद्यमियों का समर्थन करने के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहरायी।

Tenzing D Denzongpa ने आगे सभी हितधारकों से उद्यमिता विकास हेतु एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाने हेतु आपसी समन्वय का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने इच्छुक और मौजूदा उद्यमियों को अपने उद्यमों का विस्तार करने के लिए सरकारी योजनाओं और संस्थागत सहायता का पूरा-पूरा लाभ उठाने हेतु भी प्रोत्साहित किया।

वहीं, कार्यक्रम में शामिल संसाधन व्यक्तियों में गणेश कुमार छेत्री ने ग्रामीण पर्यटन और संबद्ध क्षेत्रों को बढ़ावा देने के विषय पर अपने विचार रखे, जबकि उद्यमी स्मिता राई ने नवाचार के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को पोषित करने के संबंध में अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों और स्वयं-सहायता समूहों द्वारा उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय रूप से निर्मित वस्तुओं की विविधता और क्षमता को उजागर किया गया। इसने विभिन्न हितधारकों के बीच आपसी बातचीत, ज्ञान के आदान-प्रदान और सहयोग के लिए एक मंच भी प्रदान किया। इस दौरान, उद्यमियों और एसएचजी सदस्यों को प्रशंसा पत्र भी वितरित किए गए।

इससे पहले, एडीसी (विकास) सह आईईआईएपी सदस्य सचिव ने अपने स्वागत भाषण में ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय नवोन्मेषकों को एक मंच प्रदान करने में इस सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल कौशल विकास, नवाचार और बेहतर बाजार पहुंच सुनिश्चित करने पर केंद्रित है, ताकि लोगों की आजीविका स्थायी बन सके।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics