गंगटोक : महिला, बाल, वरिष्ठजन एवं दिव्यांग कल्याण सलाहकार पामिन लेप्चा (Pamin Lepcha) की अध्यक्षता में आज लुमसे स्थित विभागीय सभागार में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें विभागीय सचिव श्रीमती सारिका प्रधान, एसटी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम कुमार सुब्बा, आदिम जनजाति कल्याण बोर्ड अध्यक्ष छेवांग नोरबू लेपचा, एससी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष शेखर सेवा, ओबीसी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष हुकुम चंद्र राई के साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
इसकी शुरुआत में, सचिव श्रीमती प्रधान ने अपने स्वागत भाषण में विभाग के जनादेश और कार्यप्रणाली का विवरण प्रस्तुत करते हुए विभाग द्वारा की गई विभिन्न पहलों, कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के माध्यम से समाज को प्राप्त होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। इसके बाद, विभाग के विभिन्न अनुभाग प्रमुखों ने अपनी प्रस्तुतियों में लागू की जा रही योजनाओं, अनुदानों और चल रही गतिविधियों के साथ-साथ अब तक हुई प्रगति और मुख्य फोकस क्षेत्रों का विवरण प्रस्तुत किया।
साथ ही, बैठक में जारी कल्याणकारी पहलों की प्रगति, उनके कार्यान्वयन में आने वाली चुनौतियों और विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में सेवा वितरण तंत्र को सुदृढ़ बनाना भी शामिल रहा, जिसमें समावेशी विकास और सामुदायिक विकास पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान, अध्यक्षों ने अपने-अपने कल्याण बोर्डों की कार्यप्रणाली और मुख्य गतिविधियों के संबंध में अपने विचार साझा किए। उन्होंने विभाग द्वारा लागू की जा रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराये जाने की जानकारी देते हुए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए और आवश्यक मार्गदर्शन मांगे।
इस अवसर पर सलाहकार श्रीमती लेप्चा ने विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करते हुए समन्वित प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सचिव और विभागीय अधिकारियों के समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की तथा समावेशी विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति सामूहिक संकल्प को दोहराया।
#anugamini
No Comments: