गंगटोक : सिटिजन एक्शन पार्टी (सीएपी)-सिक्किम ने गुरुवार को सिक्किम में आगामी 24 अप्रैल को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। साथ ही सभी 63 वार्डों में ‘योग्य और सक्षम’ निर्दलीय उम्मीदवारों को समर्थन देने का भी ऐलान किया है।
गंगटोक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए Citizen Action Party-Sikkim के प्रवक्ता अल्बर्ट गुरुंग ने कहा कि सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) द्वारा नगरपालिका चुनाव को दलीय आधार पर कराने के फैसले के विरोध में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे एसकेएम के 2019 के घोषणापत्र में किए गए वादों का ‘विश्वासघात’ बताया।
उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले राज्य चुनाव आयोग ने 24 अप्रैल को नगर पंचायत और नगरपालिकाओं के चुनाव की घोषणा की थी। इस बार नगर पंचायतों की सूची में 10 से अधिक वार्ड जोड़े गए हैं, जिससे कुल 63 वार्ड हो गए हैं। एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में हम इस पक्षपातपूर्ण शहरी स्थानीय निकाय चुनाव को अस्वीकार करते हैं। हम पार्टी के उम्मीदवार खड़े नहीं करेंगे, लेकिन लोकतंत्र को जीवित रखने और पक्षपात को चुनौती देने के लिए योग्य, सक्षम और शिक्षित स्वतंत्र उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।
सत्तारूढ़ एसकेएम सरकार की आलोचना करते हुए गुरुङ ने आरोप लगाया कि पार्टी अपने 2019 से पहले किए गए उस वादे से मुकर गई है, जिसमें पंचायत और नगरपालिका चुनाव गैर-दलीय आधार पर कराने की बात कही गई थी।
एसकेएम के घोषणापत्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, पार्टी ने पहले पक्षपातपूर्ण स्थानीय चुनावों का विरोध किया था और जमीनी स्तर की संस्थाओं को कठपुतली बनाने का आरोप लगाया था। लेकिन अब सभी वार्डों में पार्टी उम्मीदवार उतारने का निर्णय पूरी तरह यू-टर्न दर्शाता है। सिक्किम की जनता ने उसी वादे के आधार पर उन्हें सत्ता दी थी, लेकिन अब उन्होंने अपना रुख बदल लिया है, जो पूरी तरह गलत है। यदि दलीय चुनाव सही हैं, तो पहले इसका विरोध क्यों किया गया?
प्रवक्ता गुरुंग ने यह भी आरोप लगाया कि एसकेएम राज्य शक्ति का उपयोग कर उम्मीदवार थोपने और स्थानीय निकायों पर राजनीतिक नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
सीएपी के एक अन्य प्रवक्ता प्रकाश पराजुली ने कहा कि स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को 1992 के 73वें और 74वें संवैधानिक संशोधन अधिनियम से अधिकार मिला है, जो विकेंद्रीकरण और जमीनी लोकतंत्र को मजबूत करता है। उन्होंने तर्क दिया कि सिक्किम जैसे छोटे राज्य में, जहां प्रत्येक वार्ड में 500 से 1000 मतदाता होते हैं, वहां प्रत्यक्ष जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र चुनाव अधिक उपयुक्त हैं।
उन्होंने आगे कहा, 2021 और 2022 में हुए स्वतंत्र चुनावों में सिक्किम में बड़ी संख्या में मतदाताओं और शिक्षित युवाओं की भागीदारी देखने को मिली थी। स्वतंत्र चुनाव योग्य व्यक्तियों को आगे आने का अवसर देते हैं। सीएपी ने शहरी क्षेत्रों, विशेषकर गंगटोक में पानी की कमी, पार्किंग की समस्या, बढ़ते कर, कचरा शुल्क और बिजली बिल जैसे गंभीर मुद्दों को भी उठाया।
हालिया जल संकट का उल्लेख करते हुए गुरुंग ने कहा, निर्वाचित प्रतिनिधि होने के बावजूद गंगटोक के लोगों को 7 से 10 दिनों तक पीने के पानी के बिना रहना पड़ा। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिनके समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर सक्षम और जवाबदेह नेतृत्व की आवश्यकता है। सीएपी ने गंगटोक नगर निगम, नामची, जोरथांग, सिंगताम, मंगन, गेजिंग, पाकिम, सोरेंग और अन्य शहरों के मतदाताओं से सार्वजनिक सेवा के प्रति प्रतिबद्ध स्वतंत्र उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की।
पार्टी ने कहा, हम सभी योग्य उम्मीदवारों का स्वागत करते हैं, जो अपने वार्ड, शहर और बाजार में बदलाव लाना चाहते हैं। लोकतंत्र में यदि केवल सत्तारूढ़ दल का ही प्रभुत्व रहता है, तो इससे स्थानीय शासन कमजोर होता है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा घोषित इन चुनावों में पाकिम और सोरेंग जिलों के नए शामिल क्षेत्रों समेत कुल 63 वार्ड होंगे।
#anugamini
No Comments: