गंगटोक : सिक्किम सरकार के महिला, बाल, वरिष्ठजन व दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा आज कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न-रोकथाम, निषेध और निवारण कानून (पॉश कानून) और यौन उत्पीड़न इलेक्ट्रॉनिक बॉक्स (शी-बॉक्स) पोर्टल पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए स्थानीय आईपीआर सभागार में एक जागरुकता और संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें संसाधन व्यक्ति के रुप में उच्च न्यायालय के पैनल अधिवक्ता सुशांत सुब्बा, अधिवक्ता निर्मल मंगर, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण विशेषज्ञ सह शी-बॉक्स संचालक स्टीफन राई और राज्य महिला सशक्तिकरण केंद्र की लिंग विशेषज्ञ भावना प्रधान शामिल हुए।
इस दौरान, पॉश कानून से संबंधित विभिन्न केस-आधारित परिदृश्य प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद विभिन्न कार्यस्थल स्थितियों में इसके प्रभावों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर उत्पीड़न की घटनाओं की रिपोर्ट करने के लिए एक समर्पित और सुरक्षित मंच, शी-बॉक्स पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि यह पहल ऑरेलियानो फर्नांडीस बनाम गोवा राज्य एवं अन्य के बीच सिविल अपील संख्या 2482 में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की जा रही है, जिसमें पॉश कानून के सुदृढ़ कार्यान्वयन और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम और निवारण के लिए उपलब्ध तंत्रों के बारे में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया है।
आज के कार्यक्रम का उद्देश्य एक सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देना और कर्मचारियों को पॉश कानून और शी-बॉक्स पोर्टल के तहत प्रदान की गई वैधानिक रूपरेखाओं, प्रक्रियाओं और ऑनलाइन निवारण सुविधाओं से परिचित कराना है।
#anugamini #sikkim
No Comments: