गंगटोक : गैर-सरकारी संगठन सेरेनिटी होम, हेल्प अनॉदर एंड कुड़ूम के प्रतिनिधियों ने आज गंगटोक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अध्यक्ष अशित राई से मुलाकात कर आगामी ‘छांगू अल्ट्रा 5.0’ (Tsomgo Ultra 5.0) के आयोजन के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम 8 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह उच्च ऊंचाई वाली मैराथन राज्य में सहनशक्ति खेलों, ईको-टूरिज्म तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। मैराथन में ट्रेल रनिंग की विभिन्न श्रेणियों में छांगू रन (10 किमी), छांगू हाफ मैराथन (21 किमी) शामिल होंगी। वहीं 42 किमी की श्रेणी में छांगू अल्ट्रा (75 किमी) होगी। सभी श्रेणियों की दौड़ गणेश टोक से प्रारंभ होकर त्सोमगो झील के आसपास के चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्गों से होकर गुजरेगी।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष लगभग 800 धावकों के भाग लेने की संभावना है, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे। इस बार संयुक्त राज्य अमेरिका से भी धावकों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य फिटनेस के प्रति जागरुकता बढ़ाना, जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरणीय संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है। साथ ही यह राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और आतिथ्य परंपरा को प्रदर्शित करने का भी अवसर प्रदान करेगा। उच्च हिमालयी ट्रेल और सामुदायिक सहभागिता की भावना के साथ ‘छांगू अल्ट्रा 5.0’ का आगामी संस्करण धावकों और पर्यटकों के लिए एक यादगार एवं चुनौतीपूर्ण अनुभव साबित होने की उम्मीद है।
#anugamini #sikkim
No Comments: