गंगटोक : पूर्व सिक्किम के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को हुई अचानक भारी बर्फबारी के कारण फंसे हुए पर्यटकों का भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन हिमराहत’ के तहत सफलतापूर्वक बचाया गया।
भारतीय सेना की ओर से बताया गया है कि, 22 फरवरी को हुई अचानक भारी बर्फबारी तथा शून्य से नीचे पहुंचे तापमान के कारण संवेदनशील सड़क मार्गों पर कई पर्यटक वाहनों की आवाजाही रुक गई। इसके चलते पर्यटक कठोर मौसम की चपेट में आ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना ने ऑपरेशन हिमराहत शुरू किया और जवान तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
इस अभियान के दौरान कुल 46 पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी सेना शिविर में पहुंचाया गया। शिविर में सभी पर्यटकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें गर्म आश्रय, भोजन, चिकित्सा और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे अत्यधिक ठंड और ऊंचाई से संबंधित समस्याओं से बचाव हो सके।
इसके अतिरिक्त, सेना ने 150 से अधिक पर्यटक वाहनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में भी सहायता की। इस समन्वित प्रयास से यातायात व्यवस्था बहाल करने, अफरा-तफरी रोकने और उच्च हिमालयी क्षेत्र में संभावित जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
बताया गया कि यह अभियान दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऑपरेशन हिमराहत के तहत की गई समय पर कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित हुई, आवागमन बहाल हुआ और खराब मौसम के बीच स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका।
#anugamini #sikkim
No Comments: