गेजिंग : मानेबोंग-देंताम क्षेत्र अंतर्गत अपर खांडू स्थित नूनथलेमा में उन्नत किस्म के सेब पौधरोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधायक सुदेश कुमार सुब्बा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। यह पौधरोपण कार्यक्रम रधु खानडू पर्यटन विकास संघ तथा लाली गुरांस सुनखरी समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 300 से अधिक उन्नत प्रजाति के सेब के पौधे लगाए गए। रोपे गए एचआरएमएन पौधों में 99 एएनएनए और डोर्सेट गोल्डन प्रजाति के सेब के पौधे शामिल थे, जिन्हें क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुकूल माना जाता है। इस पौधरोपण कार्यक्रम का संपूर्ण प्रबंधन एवं प्रायोजन रधु खानडू प्रादेशिक क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य तार्मित लेप्चा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय निवासियों ने श्रमदान के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम में कृषि एवं बागवानी विभाग ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। वहीं वन विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले देंताम वन विभाग के कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और पंचायत सदस्यों को समष्टि विधायक सुदेश कुमार सुब्बा के हाथों स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर समापन तक समन्वय और निगरानी के लिए स्थानीय वार्ड पंचायत दीपेश क्षेत्री एवं स्थानीय सहयोगियों के प्रति आयोजकों ने हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस प्रकार के पर्यावरण-अनुकूल कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि बागवानी विकास और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
#anugamini #sikkim
No Comments: