एलपीजी प्रबंधन पर एक जागरुकता सह निरीक्षण अभियान चला

पाकिम : रसोई गैस के लिए मची आपाधापी के बीच पाकिम के अतिरिक्त जिला कलेक्टर पुलकित के नेतृत्व में आज पाकिम बाजार में एलपीजी प्रबंधन पर एक जागरुकता सह निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस निरीक्षण टीम में श्रम उपायुक्त ताशी पिंछो मापेन, डसीएसओ भीम प्रधान, एचएचओ प्रदीप छेत्री तथा खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान, टीम ने एलपीजी गोदामों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा कर एलपीजी उपयोग संबंधी मानदंडों के अनुपालन की जांच के साथ ही रेस्‍तरां मालिकों को केवल व्यावसायिक सिलेंडरों का उपयोग करने की सलाह दी। वहीं, इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों और उचित श्रमिक सत्यापन की कमी पाई जाने पर उन्हें स्वच्छता में सुधार, खाद्य सुरक्षा मानदंडों का पालन और आवश्यक दस्तावेजों को जल्द से जल्द अपडेट करने का निर्देश दिया गया। टीम ने चल रही ई-केवाईसी प्रक्रिया की प्रगति और उसमें जनभागीदारी के स्तर की समीक्षा करने के लिए केवाईसी कार्यालय का भी दौरा किया।

इस अवसर पर, एडीसी ने एलपीजी वितरकों से बातचीत कर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों से आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने और निर्धारित नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने आगे बताया कि घरेलू एलपीजी रिफिल के वितरण को विनियमित किया जाएगा, जिसके तहत शहरी उपभोक्ताओं को हर 25 दिनों में एक बार और ग्रामीण उपभोक्ताओं को हर 45 दिनों में एक बार रिफिल प्राप्त होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सभी घरेलू एलपीजी ग्राहकों को अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। उल्लेखनीय है कि आवश्यक आपूर्ति से संबंधित प्रश्नों या समस्याओं के समाधान हेतु डीएसी में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र का नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका संपर्क नंबर 03592-200024 है।

#anugamini

Next Post

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics