मंगन : वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत आलू के बीज एवं पशु चारे और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत माइक्रो इरिगेशन सेट के वितरण हेतु आज चुंगथांग में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लाचुंग, चुंगथांग, शिपगेयर, पेगोंग और थेंग जैसी जगहों के लाभार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लाचेन मंगन के विधायक सह समाज कल्याण मंत्री सामदुप लेप्चा मौजूद थे। उनके साथ, लाचुंग ज़ुमसा के पाइपोन, चुंगथांग पंचायत सदस्य, चुंगथांग एडीसी विकास हेम सागर काफ्ले, चुंगथांग एसडीएम अरुण छेत्री, उप कृषि निदेशक प्रणित गुरुंग, एसडीपीओ चंदन छेत्री, बीडीओ जोना तारगेन, एडीओ विकास लिम्बू और अन्य फील्ड अधिकारियों ने इसमें शिरकत की।
इस अवसर पर वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत कुल 70 टन आलू के बीज, 81 फैब्रिकेटेड पॉलीहाउस और 20 टन पशुओं का चारा, और पीएमकेएसवाई योजना के तहत 342 माइक्रो इरिगेशन सेट वितरित किए गए। इस अवसर पर मंत्री ने किसानों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए इन चीजों का सही तरीके से इस्तेमाल करने के सुझाव दिए।
वहीं, उप कृषि निदेशक ने योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और किसानों को खेती में सक्रियता से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बेमौसम आलू के उत्पादन पर भी ध्यान केंद्रित किया और बताया कि चुंगथांग की ऊंचाई इसके लिए कैसे फायदेमंद है।
#anugamini
No Comments: