बेगूसराय, 09 मई । बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि जब तक देश से भाजपा को नहीं भगाएंगे, तब तक ना तो बेरोजगारी और ना ही गरीबी खत्म होगी। मोदी के शासन में अमीर, अमीर होता चला गया और गरीब, गरीब ही रह गया। हमारा मुद्दा बेरोजगारी, मंहगाई, गरीबी, पढ़ाई, दवाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्यवाही वाली सरकार होनी चाहिए।
बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के बछवाड़ा के अयोध्या टोल ठाकुरबाड़ी मैदान में आज इंडिया गठबंधन प्रत्याशी अवधेश राय के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने मोदी द्वारा दिए गये भाषण को ब्लूटूथ से सुनाते हुए कहा कि मोदी आएगा तो अच्छे दिन लाएगा, 15 लाख रुपये सबके खाते में लाएगा। मोदी जी ने कहा था कि मोदी आएगा तो पक्का मकान देगा, महंगाई खत्म कर देगा,गरीबी खत्म कर देगा, बिहार में बंद चीनी मिलों को चालू करा देगा।
2019 के चुनाव के दौरान नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि किसानों के आय दुगुना कर देगा। मोदी से बड़ा झूठा प्रधानमंत्री इस दुनिया में नहीं मिलेगा, वो इतना झूठ बोलते हैं कि गोबर को भी हलुआ बना देते हैं। भाजपा की सरकार के दौरान देश में बेरोजगारी, मंहगाई बढ़ा, बिहार को विशेष पैकैज तो दूर आज तक चीनी मील का ताला तक नहीं खुला। भाजपा द्वारा बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। झूठ बोलकर 40 में से 39 सीट जीत गये।
इस चुनाव के दौरान कोई मुद्दा नहीं मिला तो हिन्दू-मुस्लिम, हिन्दुस्तान-पाकिस्तान, मंदिर-मस्जिद, सनातन-इस्लाम के साथ साथ मंगलसूत्र तक छीनने में लगे हैं। मोदी जी 74 साल के हो चुके हैं, उनको ज्ञान की बात करना चाहिए. लेकिन केवल बेकार की बात करते है। वो पाकिस्तान की बात करते है, आरे मोदी जी हमको पाकिस्तान से क्या लेना देना। हमें किसान, मजदुर और आम जनता से लेना देना है। आज दुनिया में चार चीज असंभव है, सूर्य पश्चिम से उदय होना, रेगिस्तान में मछली मारना, आसमान पर पेड़ उगाना और मोदी जी के मुंह से मुद्दे की बात सुनना।
भाजपा वालों ने हमारे विधायक को ही खरीद लिया, हम तो कहते हैं कि हमारे चाचा सीएम को ही हाईजैक कर लिया। यह लोकसभा चुनाव लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। बेगूसराय के सांसद केन्द्रीय मंत्री रहे, लेकिन बेगूसराय के लिए कुछ नहीं किए। हमलोग जितेंगे तो पुरे देश में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी, गरीब घर के लड़कियों को साल में एक लाख रूपया, गैस सिलेंडर पांच सौ रूपये में देंगे, बिहार में दो सौ युनिट बिजली फ्री देगे।
वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं चाहते कि एक मल्लाह का बेटा मंत्री बने। इसीलिए जब बिहार में उनके चार विधायक थे, विधायकों को खरीदने का काम किया गया। देश में तीन तरह के लोग हैं एक अडानी-अंबानी की तरह, जिन्हें हम गरीबों से कोई लेना देना नहीं है। दूसरा भी जो कल क्या खाना खाएंगे इसके लिए भी सोचना होता है, और तीसरा जो आप सब है जो हमलोगों की बात सुनकर वोट देने का निर्णय करते हैं।
उन्होंने कहा यह देश किसी की जागीर नहीं है, इस देश का मालिक आप हैं, इसलिए अब आपको निर्णय लेना है। आज हमारे देश का संविधान खतरे में है, इस देश की सरकार नहीं चाहता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र जिन्दा रहे। हम लोकसभा चुनाव के साथ साथ आगामी विधान सभा चुनाव जीत कर लोगों को नौकरी, बेरोजगारी,मंहगाई से निजात दिलाने का काम करेंगे।
चुनावी सभा को प्रत्याशी अवधेश कुमार राय पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, चेरिया बरियारपुर एमएलए राजवंशी महतो, युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रुपेश यादव, राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव, वीआईपी जिलाध्यक्ष जयजय राम सहनी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश उर्फ गरीबदास एवं उमेश कुंवर कवि ने भी संबोधित किया।
#anugamini
No Comments: