सत्ता के लिए उद्धव ठाकरे ने ताक पर रखे सिद्धांत : राजनाथ सिंह

पुणे (ईएमएस) । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पुणे में उद्धव ठाकरे पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं बालासाहेब ठाकरे का भी बहुत सम्मान करता हूं। मगर उद्धव ठाकरे ने सत्ता के लिए सिद्धांतों को ताक पर रख दिया। इसका मुझे दुख है। उन्होंने कहा कि सरकार बनाना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन आदमी वही होता है जो अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करता। उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस को गले लगा लिया है, लेकिन कांग्रेस की हालत इतनी बुरी हो गई है। जो भी कांग्रेस से जुड़ा है वह डूब जाएगा। महाराष्ट्र में यही हाल होने वाला है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि हरियाणा की तरह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी भाजपा और महायुति गठबंधन की जीत पक्की है। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर राज किया, लेकिन अब इसकी हालत इतनी खराब हो गई है कि इससे जुड़ा कोई भी व्यक्ति डूब जाएगा। महाराष्ट्र में कांग्रेस ने शिवसेना (उद्धव) और एनसीपी (शरद) का सहारा लिया है और उनका डूबना तय है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा और कुछ तीन से पांच राज्यों में लोकसभा चुनाव परिणाम हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे। लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव में लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया और हमने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अब महाराष्ट्र में भी यही स्थिति दोहराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर देश का बढ़ा है। 25 करोड़ से अधिक भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। अगले 8-9 सालों में भारत में एक भी व्यक्ति गरीब न रहे। 2027 तक भारत दुनिया की शीर्ष तीन सबसे अच्छी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना-एनसीपी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने जनता से कहा कि हमको न तो बंटना है और न बांटना है। हमें एकजुट रहकर देश के विकास का काम करना है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) से मिलकर बना विपक्षी एमवीए गठबंधन राज्य में सत्ता हासिल करना चाहता है, जो महायुति गठबंधन को चुनौती देता है, जिसमें एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics