दरभंगा । दरभंगा में रविवार को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। ये भारी उत्साह और उमंग के साथ आयोजित हुआ। लगातार झमाझम बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश दिखा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने यहां कांग्रेस पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ललित नारायण की हत्या के पीछे कांग्रेस है और इसका सबूत उनके पास है।
केवटी विधानसभा क्षेत्र के पिंडारूच स्थित बलुआहा मैदान और जाले विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
पहला सम्मेलन पिंडारूच के बलुआहा मैदान में हुआ। जहां बारिश के दौरान भी लोग अपने सिर पर कुर्सी रखकर नेताओं का भाषण सुनते रहे। आयोजकों की ओर से वाटरप्रूफ पंडाल का दावा किया गया था, लेकिन बारिश की तेज बूंदों से लोग बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते दिखे। इसके बावजूद भीड़ डटी रही और प्रदेश अध्यक्ष का संबोधन हुआ।
सम्मेलन में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार सिंह, मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा समेत कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत ढोल-नगाड़े, फूलमाला, पाक चादर और यहां तक कि 5 किलो की मखाना के माला से किया गया। मंत्री सुमित कुमार सिंह को तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अब तक की सबसे अधिक योजनाएं इस सरकार ने लागू की हैं। जीविका दीदियों को सशक्त बनाते हुए उन्हें लखटकिया दीदी बनाया गया है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस ने महिलाओं से 2500 रुपए देने का झूठा वादा किया था, लेकिन नीतीश कुमार ने एक बार में 10 हजार रुपए सीधे महिलाओं के खाते में भेज दिए। आगे चलकर दो-दो लाख रुपए भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनाव में किसी के बहकावे में न आएं और फिर से एनडीए को सशक्त बनाएं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का संबोधन जोश और उत्साह से भरा रहा। सम्मेलन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी रही। झमाझम बारिश के बावजूद लोग सिर पर कुर्सी रखकर मंच से आ रहे संबोधन को सुनते रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन की शुरुआत मैथिली भाषा में करते हुए कहा, हम सब गोटे बके प्रणाम करैत छी, हृदय स प्रणाम करैत छी। उन्होंने कहा कि केवटी विधानसभा क्षेत्र की जनता का जो उत्साह है, वही एनडीए की जीत की गारंटी है। जायसवाल ने कहा कि आज बिहार विकास की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। गांव-गांव बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, मुझे याद है 15 साल पहले जब लोग टीवी पर रामायण-महाभारत देखते थे, तो बैटरी चार्ज करके देखना पड़ता था। लेकिन आज हर घर में बिजली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीविका दीदी योजना को सबसे बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि पहले जीविका दीदी को 10 तकिया दीदी कहा जाता था, लेकिन आज वे लखटकिया दीदी और लखपति दीदी बन चुकी हैं।
दिलीप जायसवाल ने कहा, नीतीश कुमार महिलाओं को बहन की तरह मानते हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए ही 10-10 हजार रुपए सीधे खाते में भेजे गए हैं। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर तंज कसते हुए कहा, वे 2500 रुपए देने का झुनझुना बजा रहे थे, लेकिन नीतीश कुमार ने चार महीने की किस्त एक बार में 10 हजार भेज दिया। अब चुनाव के बाद महिलाओं के खाते में ढाई लाख रुपए जाएंगे। महिला घर की मालकिन बनेगी और हम पुरुषों को उनसे कहना पड़ेगा – दीदी, 10 रुपया दे दीजिए।
जायसवाल ने कहा कि 15 साल पहले लालू-राबड़ी राज में हालात इतने खराब थे कि महिलाएं घर से बाहर निकलने से डरती थीं। अपहरण, डकैती और आतंक का दौर था। लेकिन आज महिलाएं न केवल राजनीति और पंचायत में आधी हिस्सेदारी पा रही हैं, बल्कि पुलिस सेवा में भी राइफल लेकर खड़ी हैं। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने आधा पंचायत, आधा वार्ड, आधा जिला परिषद महिलाओं को दे दिया। अब 2029 के विधानसभा चुनाव में भी आधी सीटें महिलाओं को मिलने का समय आएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने जनता को चेताया कि विपक्ष चुनाव में जात-पात और लालच के हथियार इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा, बहरूपियों और वोटकटवा से सावधान रहना है। वे पैसा बांटेंगे, झूठ बोलेंगे, लेकिन बिहार का विकास सिर्फ नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। जायसवाल ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद अब माता जानकी का मंदिर सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में 1000 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। यह बिहार की अस्मिता और धार्मिक आस्था का सम्मान है।
मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों से महिलाओं की भागीदारी समाज और राजनीति में बढ़ी है। उन्होंने अपने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि “उच्च शिक्षा मात्र दस रुपए में उपलब्ध कराई जा रही है। अगर पूरे देश में इतनी सस्ती शिक्षा कहीं और मिल रही हो, तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।”
सम्मेलन की सबसे बड़ी खासियत रही, बारिश के बावजूद महिलाओं की भारी मौजूदगी। भींगते हुए भी महिलाएं डटी रहीं और नेताओं का संबोधन सुनती रहीं। प्रदेश अध्यक्ष के भाषण के दौरान महिलाएं और पुरुष दोनों कुर्सी को छाता बनाकर बारिश से बचते नजर आए, लेकिन किसी का उत्साह कम नहीं हुआ।
पिंडारूच के बाद दूसरा कार्यकर्ता सम्मेलन जाले विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुर हाई स्कूल मैदान में हुआ। यहां भी कार्यकर्ताओं और महिलाओं की भारी भीड़ जुटी और नेताओं का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। दोनों ही जगहों पर कार्यकर्ताओं का जोश और आम जनता की उपस्थिति यह संदेश दे रही थी कि आगामी चुनावी मौसम में एनडीए अपने समर्थकों को मजबूती से साधने में जुट गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ललित नारायण मिश्र की हत्या के पीछे कांग्रेस की साजिश रही है और उनके पास इस संबंध में पुख्ता सबूत मौजूद हैं।
बिना नाम लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ललित बाबू के हत्यारे को कांग्रेस ने ही संरक्षण दिया। उनका पोता अब सुप्रीम कोर्ट में न्याय की गुहार लगा चुका है। इस विषय पर हमने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। कांग्रेस का काला चिट्ठा मेरे पास सुरक्षित है, अब हत्यारा कोई भी बच नहीं सकता।
अश्विनी चौबे ने मंच से विपक्षी इंडिया गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कटाक्ष किया। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, बड़ा पप्पू दिल्ली में है, बिहार का छोटा पप्पू है, उत्तर प्रदेश का गप्पू है और बंगाल का सप्पू है। यही है विपक्ष की असली पहचान। उन्होंने कहा कि देश की जनता इन नकाबपोश नेताओं को पहचान चुकी है और आगामी चुनाव में इन्हें सबक सिखाएगी।
चौबे ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो खुद वोट की चोरी करके सत्ता में आए, वे दूसरों पर आरोप लगाते हैं। कांग्रेस ने स्वतंत्र भारत के शुरुआती चुनावों से लेकर आपातकाल तक लोकतंत्र की हत्या की है। सबसे पहले वोट चोरी कांग्रेस ने ही किया था। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने हमेशा तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की है। जयप्रकाश नारायण का आंदोलन कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ ही हुआ था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता को याद दिलाएं कि किस प्रकार कांग्रेस ने लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में अब जंगलराज की सरकार नहीं आने दी जाएगी। एनडीए ही विकास और स्थिरता की गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने तय कर लिया है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। चौबे के भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस मुर्दाबाद, मोदी-नीतीश जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सभा स्थल पर देर तक भीड़ डटी रही।
#anugamini #bihar
No Comments: