सोनिया गांधी का इलाज गंगाराम में हो रहा है, वहां आरक्षण लागू नहीं है : निशिकांत दुबे

नई दिल्ली । कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार रात उन्हें दिल्ली सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. अजय स्वरूप ने कहा कि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं उनके इलाज के बीच सियासी तकरार भी शुरू हो गई है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी का इलाज जिस हॉस्पिटल गंगाराम में हो रहा है वह प्राइवेट अस्पताल है,वहां आरक्षण लागू नहीं है।

निशिकांत दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी को दुनिया के अच्छे से अच्छे डॉक्टर देखें, ये हम सभी चाहते हैं। सोनिया गांधी भारत की बड़ी नेता हैं। आज भी कांग्रेस का यदि कुछ अस्तित्व बचा है वह सोनिया गांधी के कारण हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर सोनिया गांधी का बहुत सम्मान है। वहीं इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के कुछ ही दिन पूर्व दिए एक बयान पर निशाना साधा।

Nishikant Dubey ने कहा कि कहा कि 7- 8 दिन पहले की बात है जब राहुल गांधी ने कहा कि यहां एक अपोलो अस्पताल है जाकर पूछिए कौन डॉक्टर एससी है, कौन डॉक्टर एसटी है, कौन डॉक्टर ओबीसी है। बीजेपी सांसद ने कहा कि मैंने कभी किसी डॉक्टर की जाति नहीं पूछी, डॉक्टर, डॉक्टर है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का इलाज जिस अस्पताल गंगाराम में हो रहा है वह प्राइवेट अस्पताल है,वहां आरक्षण लागू नहीं है।

बीजेपी सांसद ने कहा कि यदि एम्स में इलाज कराते तो वहां आपको 60 प्रतिशत आरक्षण के डॉक्टर मिलते,क्या आपका भरोसा सरकारी अस्पताल में नहीं है। उनका इलाज भी डॉक्टर अरुप बासु कर रहे हैं जो आरक्षित वर्ग के डॉक्टर नहीं हैं। सोनिया गांधी के स्वस्थ होने की कामना हम सभी करते हैं, लेकिन आपने (राहुल गांधी) कांग्रेस की क्या हालत बनाई है। जार्ज सोरोस के कहने पर आप समाज को बांटकर देश क्यों तोड़ना चाहते हैं।

इसके साथ ही निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के एक वीडियो पर भी कमेंट किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि केरल की नर्स राज्य की भावना का उदाहरण हैं क्योंकि वे धर्म, समुदाय या आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर मरीजों के बीच भेदभाव नहीं करती हैं। राहुल ने यह टिप्पणी केरल की एक नर्स के साथ अपने निजी अनुभव के आधार पर की, जब उनकी मां सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती थीं। राहुल इसी वजह से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के चुनावी कार्यक्रम के लिए केरल नहीं आ सके थे।

इस वीडियो पर कमेंट करते हुए बीजेपी सांसद ने लिखा कि मुझे लगता है कि वह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग से नहीं हैं। कृपया लिखें कि वह भारतीय है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics