बंगलूरू (ईएमएस)। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्थिर सरकार देने का श्रेय दिया, जिसने देश में विकास, प्रगति और समृद्धि को बढ़ावा दिया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के कार्यकाल की तुलना 2014 से पहले सत्ता में रही यूपीए सरकार से की। उन्होंने कहा कि 1984 के बाद अस्थिरता के कारण गंभीर नीतिगत पक्षाघात था, जिसे पीएम मोदी के नेतृत्व में समाप्त किया गया।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यूपीए सरकार कमजोर नेतृत्व वाली सबसे अस्थिर सरकार थी, लेकिन आज स्थिर सरकार है। उन्होंने कहा कि सक्षम नेतृत्व की वजह से आज विकास हो रहा है। देश में समृद्धि साफ तौर पर देखी जा सकती है।
प्रह्लाद जोशी ने विश्व बैंक के अध्ययन का हवाला दिया और दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीबी 21 फीसदी से घटकर 5 फीसदी रह गई है। उन्होंने कहा कि 26 करोड़ से अधिक लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आ चुके हैं। यह सब पीएम मोदी के सक्षम नेतृत्व की वजह से हुआ है, जिसने कल्याणकारी नीतियों को लागू किया।
उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की। जोशी ने कहा कि यह पहली बार है जब कांग्रेस के अलावा किसी अन्य नेता और पार्टी को लगातार जनादेश मिला है। उन्होंने यूपीए सरकार की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि पहले पाकिस्तान छद्म युद्ध के रूप में आतंकवाद का इस्तेमाल करता था, लेकिन आज भारत जवाबी हमला कर रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि आज हमारी रक्षा क्षमता कई गुना बढ़ गई है। इस दौरान जोशी ने दावा किया कि 2026 तक सरकार नक्सलवाद को खत्म कर देगी।
विभिन्न कृषि योजनाओं को सूचीबद्ध करते हुए केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि समग्र कृषि आवंटन लगभग 2 लाख से कई गुना बढ़कर 6 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 25 करोड़ लोगों को लगभग 44 लाख करोड़ रुपये का लाभ हस्तांतरित किया गया है।
केंद्रीय मंत्रीप्रह्लाद जोशी ने मोदी सरकार के तहत अंतरिक्ष मिशन और व्यापार करने में आसानी में सुधार पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत विश्व रैंकिंग में 142 से 63 पर आ गया है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
#anugamini
No Comments: